Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल 12 मई यानी कल है. इसे बुढ़वा मंगल भी कहा जाता है. सनातन परंपरा के अनुसार, बड़े मंगल पर हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है. इस पवित्र दिन को शास्त्रों में कुछ खास दिनों से भी जोड़ा जाता है. मान्यता है कि बड़े मंगल के दिन ही भगवान राम से हनुमान का मिलन हुआ था. ऐसी मान्यताएं हैं कि ज्येष्ठ के मंगलवार को ही हनुमान जी ने 10 हजार हाथियों का बल रखने वाले भीम का अहंकार तोड़ा था. आइए अब जानते हैं कि ज्येष्ठ के दूसरे बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहने वाला है.
दूसरे बड़े मंगल पर शुभ मुहूर्त
ज्येष्ठ के दूसरे बड़े मंगल पर सुबह 4 बजकर 8 मिनट से लेकर सुबह 4 बजकर 50 मिनट तक ब्रह्म मुहूर्त रहेगा. इस शुभ मुहूर्त स्नानादि से निवृत्त होकर पूजा-पाठ की तैयारियां शुरू करें. इसके बाद सुबह 9 बजकर 7 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक पूजा का मुहूर्त रहने वाला है. इसके बाद शाम की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 7 बजकर 3 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 6 मिनट तक रहेगा.
दूसरे बड़े मंगल पर कैसे करें बजरंगबली की पूजा?
दूसरे बड़े मंगल पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और लाल वस्त्र धारण करें. इसके बाद हनुमान जी को चोला अर्पित करें. इसमें चमेली के तेल और सिंदूर को मिलाकर जो लेप तैयार होता है, उसे हनुमान जी की प्रतिमा पर लगाते हैं. फिर हनुमान जी को धूपबत्ती, अगरबत्ती और दीपक प्रज्वलित करें. उन्हें बूंदी या बूंदी के लड्डू, गुड़-चना, रोट या फलों का भोग अर्पित करें. इसके बाद हनुमान जी की आरती करें. इसके बाद वहीं बैठकर हनुमान जी से मनचाहा वरदान मांगें. इस दिन हनुमान चालीसा, सुंदरकांड या बजरंग बाण का पाठ करना अत्यंत फलदायी माना जाता है.
कुंडली में मंगल को कैसे बनाएं मजबूत?
ज्योतिषविदों का कहना है कि जिन लोगों की कुंडली में मंगल ग्रह कमजोर होता है, अगर वो बड़े मंगल के दिन कुछ विशेष उपाय कर लें तो उनकी समस्या दूर हो सकती है. इस दिन पूरी श्रद्धा से हनुमान जी को लाल फूल अर्पित करें. इसके बाद “ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करें. मान्यता है कि इस उपाय को करने से मंगल दोष शांत होता है और विवाह में आ रही बाधाओं को भी दूर किया जा सकता है.
aajtak.in