लौंग को आप सिर्फ अपनी किचन में मौजूद एक मसाला भर समझते हैं तो आप गलत हैं. अहम मौकों पर यही छोटी सी लौंग बड़े काम की बन जाती है. असल में लौंग को तंत्र विद्या में बहुत शक्तिशाली और रहस्य भरी विद्याओं का केंद्र माना जाता है. ये एक ऐसा फूल है जो ठोस है और नकारात्मक ताकतों को दूर करता है. देवी लक्ष्मी, महाकाली के साथ-साथ हनुमान जी की पूजा की बात हो तो लौंग और रहस्यभरी ताकतों के साथ सामने आती है. इसके जरिए साधक अपनी मनोकामनाएं पूरी कर सकते हैं.
हनुमान जयंती पर किए जाने वाले उपाय
हनुमान जयंती के मौके पर उनकी पूजा में लौंग का उपयोग बाधाएं दूर करने, मनोकामना पूरी करने और नकारात्मकता मिटाने के लिए किया जाता है. हनुमान जी के सामने 7 लौंग रखकर "ॐ हं हनुमते नमः" का 108 बार जाप करना, शाम को सरसों के तेल के दीपक में 2 लौंग डालकर जलाना, या पान के पत्ते पर लौंग-गुड़ रखकर भोग लगाना ये सभी खास उपायों में शामिल है.
पान के पत्ते पर चढ़ाएं लौंग
हनुमान जयंती के मौके पर या मंगलवार या शनिवार के दिन हनुमान जी को पान के पत्ते पर दो लौंग और थोड़ा गुड़ रखकर भोग लगाएं. यह उपाय आर्थिक समस्याओं को दूर करने और धन वृद्धि में सहायक माना जाता है.
सात लौंग का उपाय
हनुमान जी के सामने सात लौंग रखकर हनुमान चालीसा का पाठ करें, फिर उन सात लौंगों को अपने ऊपर से सात बार वार कर कपूर के साथ जला दें. इससे आपका आत्माविश्वास बढ़ेगा और नकारात्मकता दूर होगी.
कार्य में सफलता पानी हो तो या किसी भी जरूरी काम या इंटरव्यू के लिए घर से निकलते समय दो लौंग मुंह में रखें और मन ही मन हनुमान जी का ध्यान करें. इससे आपका काम बिगड़ेगा नहीं और जो भी बाधाएं आने वाली होंगी उसे हनुमान जी दूर करेंगे.
शनि की पीड़ा से मिलेगी मुक्ति
अगर आप शनि पीड़ा और कर्जे से परेशान हैं तो 21 या 108 फूल वाली लौंग की माला बनाकर मंगलवार को हनुमान जी को अर्पित करें. हनुमान जयंती पर यह उपाय और कारगर होगा. मंगलवार को करना हो तो रात 9 बजे के बाद इसे करना ज्यादा कारगर माना जाता है.
जयंती के दिन या मंगलवार को सरसों के तेल का दीपक जलाएं और उसमें दो लौंग डालकर हनुमान चालीसा का पाठ करें. हनुमान जी की पूजा में हमेशा बिना टूटी हुई फूल वाली लौंग का ही प्रयोग करें. इन उपायों को करते समय सात्विकता और विश्वास बनाए रखना जरूरी है.
aajtak.in