जयपुर के खानीय बांदा इलाके में स्थित एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि उसकी ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं. आग की भयावहता को देखकर आसपास के पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम तेजी से शुरू किया गया. इसके साथ ही खोह नागुरियान थाना पुलिस भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने एहतियात बरतते हुए पास में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया. लकड़ी का गोदाम होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली और पूरे इलाके में धुआं ही धुआं हो गया. दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए काफी देर तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. गनीमत यह रही कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी से समय रहते आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. आधी रात तक दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं. हालांकि, आग लगने के मुख्य कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.