जयपुर की एक शांत गली में मंगलवार सुबह मामूली विवाद ने बड़ा हादसा जन्म दे दिया. गली में टेंपो लाने को लेकर शुरू हुआ पड़ोसियों का झगड़ा धक्का-मुक्की तक पहुंच गया और इस दौरान एक बुजुर्ग की जान चली गई. पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर स्थानीय लोग स्तब्ध हैं. यह मामला जयपुर के पत्रकार कॉलोनी स्थित पटेल मार्ग का है.
जानकारी के मुताबिक, 68 वर्षीय विजेंद्र सिंह रिटायर्ड बैंक कर्मचारी थे. वे अपने परिवार के साथ पत्रकार कॉलोनी में रहते थे. मंगलवार सुबह करीब 8 बजे उनके पड़ोसी छोटे लाल सैनी ने एक टेंपो ट्रैवलर मंगवाया था, जिसे गली से निकालकर उज्जैन भेजना था. लेकिन गली की संकरी चौड़ाई को देखते हुए विजेंद्र सिंह के परिवार ने वाहन को अंदर लाने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
यह भी पढ़ें: आर्ट के लिए हाथी को किया गुलाबी, जयपुर के इस शूट पर लोगों ने फोटोग्राफर की लगा दी क्लास
देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बहस धक्का-मुक्की में बदल गई. इसी दौरान विजेंद्र सिंह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े, जिससे वे बेसुध हो गए.
झगड़ा बढ़ा और मौके से फरार हुए आरोपी
विजेंद्र सिंह के गिरते ही उनकी हालत बिगड़ गई. घटना के बाद पड़ोसी छोटे लाल और उनकी पत्नी रेखा मौके से भाग निकले. वहीं टेंपो ट्रैवलर का ड्राइवर दिनेश जाट भी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया. अचानक हुई इस घटना से गली में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.
देखें वीडियो...
परिजन तुरंत विजेंद्र सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि आपसी झगड़े के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और वे बेसुध होकर गिर पड़े. मामूली विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था.
पुलिस जांच में जुटी, तीन लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया. पुलिस ने मामले में टेंपो ट्रैवलर ड्राइवर को पकड़ लिया है, जबकि पड़ोसी छोटे लाल और उनकी पत्नी को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग सदमे में हैं.
विशाल शर्मा