ओडिशा के अंगुल जिले में दो दिन से लापता 12 वर्षीय एक लड़की का शव शुक्रवार को झाड़ियों के नीचे बरामद किया गया. इस घटना के सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार मामला एनटीपीसी (नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन) थाना क्षेत्र का है. मृतका स्थानीय स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा थी.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की सूचना के बाद उसकी तलाश की जा रही थी. दो दिन से लापता बच्ची की खोजबीन जारी थी, जिसके बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद किया गया.
यह भी पढ़ें: ओडिशा में मॉब लिंचिंग... 'बच्चा चोर' के शक में युवक की हत्या, हिरासत में 31 आरोपी
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था गुमशुदगी का मामला
अंगुल के पुलिस अधीक्षक राहुल जैन ने बताया कि मृतका के पिता द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. उन्होंने कहा, आज तड़के सुबह लड़की का शव बरामद किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. उनके साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in