ढाई साल की मासूम को कुचलकर भागा ट्रक, 7 किलोमीटर तक पीछा कर ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़ा

मध्य प्रदेश के मंडला में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. बम्हौरी गांव में अपनी मां के साथ सड़क किनारे चल रही ढाई साल की बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक का ग्रामीणों ने करीब 7 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

Advertisement
ट्रक ने मासूम बच्ची को कुचला. (Photo: Representational) ट्रक ने मासूम बच्ची को कुचला. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • मंडला,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:42 PM IST

मध्य प्रदेश के मंडला से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रही ढाई साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक का पीछा कर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर मंडला जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र के बम्हौरी गांव में हुआ. पुलिस का कहना है कि मृतक बच्ची की पहचान आकृति यादव के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब ढाई साल थी.

बच्ची की मां सृष्टि यादव आंगनबाड़ी सहायिका हैं. वह घर लौट रही थीं. उस समय उनकी गोद में एक छोटा बच्चा था और ढाई साल की बेटी आकृति का हाथ पकड़कर वह सड़क किनारे चल रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने अचानक बच्ची को टक्कर मार दी.

हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बच्ची के ऊपर से गुजर गया और वह गंभीर रूप से कुचल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची का शरीर सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.

यह भी पढ़ें: 12वीं का छात्र, तेज रफ्तार कार, ब्रेक-एक्सेलरेटर में कन्फ्यूज... लखनऊ एक्सीडेंट की पूरी कहानी

Advertisement

इस भयावह मंजर को देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए. वहीं अपनी बेटी को इस हालत में देखकर मां का कलेजा फट गया. वह सड़क पर बिखरे बच्ची के अवशेषों को समेटकर एक पॉलिथीन में रखने को मजबूर हो गईं. यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल गया.

सात किलोमीटर तक किया लोगों ने पीछा

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया. करीब सात किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान सिवनी के रहने वाले पंचूलाल यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अक्सर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement