मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की जेरोन खालसा नगर परिषद में अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए राइट-टू-रिकॉल के तहत मतदान कराया गया. इस दौरान कुल 61.52 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले. अब सभी की नजरें 6 नवंबर को होने वाली मतगणना पर हैं. इसके नतीजे से तय होगा कि नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम पस्तोर पद पर बनी रहेंगी या उन्हें हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए हुए मतदान में 61.52 प्रतिशत वोट पड़े. साल 2022 के आम चुनाव में कुसुम पस्तोर नगर परिषद अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं.
15 में से 12 पार्षदों ने पेश किया था प्रस्ताव
जेरोन खालसा नगर परिषद में कुल 15 वार्ड हैं. इनमें निर्वाचित 12 पार्षदों ने मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 47 के तहत अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने का प्रस्ताव कलेक्टर के सामने प्रस्तुत किया था.
इसी प्रस्ताव के आधार पर अध्यक्ष को पद से हटाने के सवाल पर मतदान कराया गया. अब मतगणना के बाद साफ होगा कि मतदाताओं ने अध्यक्ष को पद पर बनाए रखने के पक्ष में फैसला दिया है या उन्हें वापस बुलाने के पक्ष में.
7,799 मतदाताओं में से 4,798 ने डाले वोट
नगर परिषद क्षेत्र में कुल 7,799 मतदाता पंजीकृत थे. इनमें 4,031 पुरुष और 3,768 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान के दिन शाम 5 बजे तक कुल 4,798 लोगों ने वोट डाले.
इनमें 2,635 पुरुष और 2,163 महिलाएं शामिल रहीं. इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 61.52 दर्ज किया गया. पुरुषों का मतदान प्रतिशत 65.37 और महिलाओं का 57.40 रहा.
कलेक्टर और एसपी रहे मुस्तैद
इससे पहले कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी जमुना भिड़े ने एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया के साथ जेरोन खालसा पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया था. नगर में सरकारी अवकाश घोषित किया गया था.
इस दौरान पृथ्वीपुर एसडीएम विनीता जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. जिला निर्वाचन प्रशासन के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. अब 6 नवंबर को होने वाली मतगणना के बाद अध्यक्ष के पद पर बने रहने को लेकर स्थिति साफ होगी.
aajtak.in