मध्य प्रदेश में विकास और सड़कों के दावों के बीच सत्तारूढ़ BJP के भीतर से ही एक अनोखा और चर्चा का विषय बना हुआ वाकया सामने आया है. कालापीपल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अपनी ही विधानसभा क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों का मुद्दा बेहद भावुक और आक्रामक अंदाज में उठाया. विधायक ने मंच से ही कसम खा ली कि जब तक उनके क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प नहीं हो जाता, वे नंगे पैर ही रहेंगे.
कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा, "जब तक मेरी विधानसभा की सड़कें पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हो जातीं, तब तक मैं आज से जूते-चप्पल का पूरी तरह त्याग करता हूं. इसके लिए चाहे 10 साल का लंबा समय ही क्यों न लग जाए, लेकिन जब तक सड़क नहीं बनेगी, मैं जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा."
विधायक का यह तीखा और भावुक बयान सुनते ही मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री मोहन यादव और अन्य बड़े नेता पूरी तरह असहज नजर आए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बिना समय गंवाए तत्काल पास बैठे कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार की ओर इशारा किया. मुख्यमंत्री का इशारा पाते ही मंत्री इंदर सिंह परमार तुरंत मंच पर बोलते हुए विधायक चंद्रवंशी के पास पहुंचे, उन्हें पीठ थपथपाकर शांत कराया और जनहित के दूसरे विषयों पर बात आगे बढ़ाने का आग्रह किया. देखें VIDEO:-
'अपने शब्दों और मर्यादा का ध्यान रखें'
विधायक चंद्रवंशी द्वारा जूते-चप्पल त्यागने की बड़ी घोषणा के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद माइक संभाला और बेहद सधे हुए तथा मुस्कुराते हुए अंदाज में विधायक को सार्वजनिक रूप से नसीहत दे डाली. देखें VIDEO:-
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, "हमारे लाडले, भोले-भाले विधायक ने भावुकता में आकर यह बात कह दी है. लेकिन हमारे राज्य में 5 लाख किलोमीटर से अधिक मजबूत सड़कें बनी हैं और हम विकास के मामले में इतने कमजोर नहीं हैं. हमारे जूते-चप्पल तो हमें विकास की दौड़ लगाने और निरंतर आगे बढ़ने में मदद करते हैं. कांटे-बांटों के बीच भी दुनिया की कोई ताकत हमारा रास्ता नहीं रोक सकती."
CM मोहन यादव ने विधायक से सीधे मुखातिब होते हुए कहा कि सरकार पूरी ताकत से विकास कर रही है, इसलिए अच्छे काम और सच्चे काम के लिए इस तरह जूते-चप्पल छोड़ने जैसी कसमें खाने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों को सचेत करते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों से अपनी बात रखते समय शब्दों की मर्यादा और ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
'सवा साल में चली गई उनकी सरकार'
इस मौके का सियासी फायदा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को भी निशाने पर लिया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जूते-चप्पल छोड़ना और घर बैठना कांग्रेस का काम है, क्योंकि उनकी सरकार पिछले 20 साल से प्रदेश में नहीं है.
एक बार जनता ने उन्हें मौका दिया भी था तो वे अपनी अंतर्कलह के कारण सवा साल में ही सरकार गंवा बैठे. सीएम ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और कालापीपल सहित पूरे प्रदेश की सड़कों का जाल तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है. फिलहाल, विधायक का यह कसम वाला वीडियो और सीएम का जवाब पूरे मध्य प्रदेश की सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड बना हुआ है.
मनोज पुरोहित