मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक शादी समारोह के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. गांव में बारातियों और स्थानीय लोगों को उस गाय के दूध से बनी छाछ परोसी गई थी, जिसमें बाद में रेबीज़ जैसे लक्षण दिखाई दिए. मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों को एहतियातन एंटी रेबीज़ वैक्सीन लगानी शुरू कर दी.
कुत्ते ने काट लिया था गाय को
जानकारी के मुताबिक, गांव में एक दिन पहले शादी समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन के साथ छाछ का सेवन किया. अगले ही दिन गाय की अचानक तबीयत बिगड़ गई. जांच में पता चला कि कुछ समय पहले उस गाय को एक कुत्ते ने काट लिया था. इसके बाद गांव वालों में डर का माहौल बन गया.
शादी में पसोरा गया गाय के दूध का छाछ
गाय की जांच करने पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश बेलवंशी ने बताया कि गाय में रेबीज से मिलते-जुलते कई लक्षण दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि गाय लगातार लार गिरा रही थी, असामान्य रूप से गुस्सैल व्यवहार कर रही थी और सिर पटक रही थी. पशु चिकित्सक के अनुसार ये सभी लक्षण रेबीज़ संक्रमण की ओर संकेत करते हैं.
250 लोगों को लगाए गए इंजेक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची. बीएमओ डॉ. पुष्पारानी सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने बीमार गाय के दूध से बने दही और छाछ का सेवन किया था, उन्हें सावधानी के तौर पर एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है. उन्होंने कहा कि अब तक करीब 250 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शादी में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे. ऐसे में प्रशासन उन सभी लोगों की पहचान कर उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, जिन्होंने समारोह में भोजन किया था. स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव में मौजूद हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और गाय की स्थिति की भी निगरानी की जा रही है.
पवन शर्मा