राजधानी भोपाल के गिन्नौरी रोड पर एक भीषण सड़क हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. तेज रफ्तार कार बिना रिफ्लेक्टर और साइनबोर्ड के बने डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन खिलौने की तरह हवा में उछलता दिखाई दिया. हादसे का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
गनीमत रही कि इस जोरदार टक्कर में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. हालांकि, घटना ने नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस डिवाइडर पर न तो कोई चेतावनी संकेत है और न ही रात में दिखाई देने वाला रिफ्लेक्टर लगा है.
यह भी पढ़ें: MP में ‘लव जिहाद’ के आरोपों से सुलगा माहौल: भोपाल से लेकर बुंदेलखंड तक एक जैसा पैटर्न
सोशल मीडिया पर उठा मुद्दा
स्थानीय पार्षद ने इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है. वीडियो के साथ उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. पार्षद का कहना है कि यह डिवाइडर रात के समय दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
देखें वीडियो...
उन्होंने मांग की है कि इस स्थान पर तुरंत रिफ्लेक्टर (चमकने वाला रेडियम) और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. वीडियो वायरल होने के बाद नागरिकों में भी नाराजगी देखी जा रही है.
बिना संकेतों के डिवाइडर बने खतरा
शहर के कई हिस्सों में बिना संकेतों के बने डिवाइडर लोगों के लिए जोखिम साबित हो रहे हैं. रात के अंधेरे में ऐसे डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है.
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बुनियादी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए.
धर्मेंद्र साहू