Snake Hiding Places: कहीं आपकी वॉशिंग मशीन में तो नहीं छिपा सांप? बारिश में घर के इन 6 कोनों में मंडरा रहा खतरा!

Snake Hiding Places: बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने से सांप शहरी घरों की तरफ भागते हैं. वे घरों में घुसकर वॉशिंग मशीन, जूतों और अंधेरे कोनों में छिप जाते हैं. आज हम आपको घर की उन जगहों के बारे में बताने वाले हैं, जिनमें सांप कुंडली मारकर बैठ सकते हैं.

Advertisement
घर में सांप जूतों से लेकर वॉशिंग मशीन तक में छिपा हो सकता है. (Photo: ITG) घर में सांप जूतों से लेकर वॉशिंग मशीन तक में छिपा हो सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:18 PM IST

बारिश के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं. बारिश की वजह से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिसकी वजह से वे बाहर निकलते हैं और आपके घर में अपना ठिकाना खोज लेते हैं. अक्सर लोग सोचते हैं कि सांप सिर्फ बगीचे, स्टोर रूम या अंधेरे कोनों में छिपते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सांप आपकी वॉशिंग मशीन के अंदर भी छिप सकता है? जी हां, आपके बाथरूम के अंदर रखी वॉशिंग मशीन में भी सांप बहुत ही आसानी से घुस सकता है.

कुछ समय पहले वॉशिंग मशीन में सांप मिलने की एक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया था. दरअसल, सांप अक्सर इंसानों के पास आने के लिए नहीं, बल्कि छिपने, गर्मी पाने या खाने की तलाश में घरों के आसपास पहुंचते हैं. ऐसे में जरूरी है कि घर की कुछ चीजों का इस्तेमाल करने से पहले उन्हें अच्छी तरह जांच लिया जाए. आज हम आपको उन जगहों के बारे में बताएंगे, जिनमें सांप आसानी से छिप सकते हैं.

वॉशिंग मशीन में भी छिप सकता है सांप
अगर वॉशिंग मशीन बाहर, बालकनी, गैरेज या किसी खुली जगह में रखी है तो उसे इस्तेमाल करने से पहले जरूर चेक करें. मशीन का ढक्कन खुला रहने पर सांप अंदर घुसकर छिप सकता है. इसलिए कपड़े डालने से पहले वॉशिंग मशीन का ड्रम, मशीन के आसपास और नीचे के हिस्से को एक बार जरूर देख लें.

Advertisement

जूते पहनने से पहले अंदर जरूर झांकें
घरों में बारिश के मौसम में जूते और चप्पल अक्सर बाहर या दरवाजे के पास रखे रहते हैं. ऐसे में सांप या कोई दूसरा कीड़ा-मकौड़ा या जानवर इनके अंदर छिप सकता है. इसलिए जूते पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह झाड़ लें और अंदर देखकर ही पहनें.

घर का कबाड़ बन सकता है सांपों का ठिकाना
पुराने डिब्बे, बोरे, लकड़ियां, ईंटें, अखबार और लंबे समय से पड़ा सामान सांपों को छिपने की जगह दे सकता है. घर के स्टोर रूम, गैरेज और वॉशिंग मशीन के आसपास ऐसा सामान जमा न होने दें. जितना ज्यादा कबाड़ होगा, सांप के छिपने के चांस उतने ही बढ़ सकते हैं.

घर में आने वाले रास्ते बंद करें
दरवाजों के नीचे की खाली जगह, दीवारों की दरारें, पाइप के आसपास के छेद और खुली नालियां सांपों के घर में घुसने का रास्ता बन सकती हैं. इन जगहों को जाली, सीमेंट या उचित सीलेंट की मदद से बंद कर दें.

Advertisement

घर के आसपास चूहे और मेंढक न पनपने दें
सांप अक्सर खाने की तलाश में घरों के आसपास आते हैं. अगर घर के आसपास चूहे, मेंढक या दूसरे छोटे-छोटे जीव ज्यादा हैं तो सांपों के आने का खतरा भी बढ़ सकता है. इसलिए घर और आसपास साफ-सफाई रखें और खाने की चीजें खुली न छोड़ें.

झाड़ियों और घास की समय-समय पर सफाई करें
घर के आसपास लंबी घास, झाड़ियां, लकड़ियों का ढेर और पुराने गमले सांपों को छिपने की जगह दे सकते हैं. इसलिए बगीचे और घर के आसपास की जगह को साफ रखें. खासकर बारिश के मौसम में लंबे समय तक घास और झाड़ियों को बढ़ने न दें.

सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
अगर घर में सांप दिखाई दे तो उसे छेड़ने या पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें. बच्चों और पालतू जानवरों को तुरंत दूर करें और किसी स्नेक रेस्क्यू टीम या स्थानीय वन विभाग की मदद लें.

छोटी सावधानी से टल सकता है बड़ा खतरा
छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर भी सांप के घर में घुसने का खतरा टल सकता है. आप घर के आसपास साफ-सफाई रखकर, सामान को व्यवस्थित रखकर और सापों के घर में आने के रास्तों को बंद करने से इन्हें घर से दूर रखने में मदद मिल सकती है. खासकर बारिश के मौसम में वॉशिंग मशीन, जूते, स्टोर रूम और अंधेरे कोनों का इस्तेमाल करने से पहले उन्हें एक बार जरूर चेक कर लेना चाहिए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »