सिर्फ सैंडविच सेंकने के ही काम नहीं आता सैंडविच मेकर! मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने बताए 5 जबरदस्त इस्तेमाल

सैंडविच मेकर में आप सिर्फ सैंडविच ही नहीं और बहुत सी चीजें बना सकते हैं. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने सैंडविच मेकर के 5 स्मार्ट हैक्स बताए हैं, जिन्हें जानकर आपके बहुत से काम आसान हो जाते हैं. जानें कैसे इस छोटी मशीन को आप अपनी रसोई का मल्टी-टास्कर बना सकते हैं.

Advertisement
सैंडविच मेकर में आप पनीर टिक्का भी आसानी से बना सकते हैं.  (Photo: ITG) सैंडविच मेकर में आप पनीर टिक्का भी आसानी से बना सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:16 AM IST

सैंडविच मेकर आजकल हर रसोई का हिस्सा बन चुका है. इसमें सैंडविच झटपट और आसानी से बन जाते हैं. इसकी खासियत ये है कि इसमें एक बार में दो से चार सैंडविच आसानी से सिक जाते हैं. लेकिन शायद ही कोई घर ऐसा हो जिसमें सैंडविच रोजाना खाए जाते हों. ऐसे में ये मशीन रसोई में एक कोने में रखी रहती है. क्या आप भी सैंडविच मेकर का इस्तेमाल कभी-कभार करते हैं और सोचते हैं कि ये आधे समय धूल ही फांकता रहता है? 

अगर हां, तो क्या आप जानते हैं कि ये सिर्फ सैंडविच बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि कई कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप थोड़ा अलग सोचें, तो ये छोटी सी मशीन आपकी रसोई का असली 'मल्टी-टास्कर' बन सकता है. हाल ही में मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने इस्तेमाल करने के कुछ ऐसे स्मार्ट तरीके शेयर किए हैं, जिन्हें जानकर आप हैरान रह जाएंगे. चलिए देखते हैं कि कैसे आप अपने साधारण से सैंडविच मेकर को एक जादुई कुकिंग टूल की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.

1. पनीर टिक्का और सोया चाप: अगर हम कहें कि आप सैंडविच मेकर पर पनीर टिक्का और सोया चाप भी बना सकते हैं, तो चौंकिएगा नहीं. जी हां, अगर आपके घर पर तंदूर नहीं है तो भी आप रेस्टोरेंट जैसा टिक्का बना सकते हैं. पनीर या सोया को दही और मसालों में मैरीनेट करें, सीख में लगाएं और ग्रीस किए हुए सैंडविच मेकर में ग्रिल करें. कुछ ही मिनटों में स्मोकी फ्लेवर वाला टिक्का तैयार हो जाएगा.

2. भरवां सब्जियों का रोस्टेड स्वाद: आप बैंगन, भिंडी या करेला में कट लगाकर मसाला भरें और ऊपर से थोड़ा सरसों का तेल लगाएं. इन्हें सैंडविच मेकर में रखकर रोस्ट करें. सब्जियां बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार बनती हैं.

3. क्रिस्पी वेफल्स: आप सैंडविच मेकर में क्रिस्पी वेफल्स बनाना चाहते हैं, तो भी सैंडविच मेकर आपके काम आ सकता है. मैदा, दूध, चीनी, बेकिंग सोडा और वनीला एसेंस से बैटर बनाएं. सैंडविच मेकर को बटर से ग्रीस करके बैटर डालें और पकाएं. हल्का घुमाने से वाफल जैसा पैटर्न भी आ जाएगा. इसे फ्रूट्स और क्रीम के साथ सर्व करें.

4. झटपट हैश ब्राउंस: आप इसमें हैश ब्राउंस भी बना सकते हैं. कद्दूकस किए आलू का पानी निकालकर उसमें नमक, काली मिर्च, मक्खन और कॉर्नफ्लोर मिलाएं. छोटे पैटी बनाकर सैंडविच मेकर में ग्रिल करें. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट हैश ब्राउंस तैयार होंगे.

5. बिना तवे के सेंके भरवां परांठा: स्टफिंग भरकर आटे की लोई को बेलें और सैंडविच मेकर में थोड़ा तेल या घी लगाकर पकाएं. इसमें पराठे दोनों तरफ से अच्छे से सिकते हैं और क्रिस्पी बनते हैं. दही या अचार के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement