Hair Fall Easy Solution: यूं तो आजकल की बिगड़ी लाइफस्टाइल और दिन-ब-दिन बढ़ते प्रदूषण की वजह से बाल 12 महीने ही झड़ते रहते हैं. लेकिन मॉनसून तो जैसे झड़ते बालों के लिए 'पेट्रोल' का काम करता है. बारिश शुरू होते हैं बालों का झड़ना और ज्यादा बढ़ जाता है. कई लोगों की शिकायत रहती है कि मॉनसून में कंघी करते समय, बाल धोते वक्त या हल्का सा हाथ लगाने पर भी काफी बाल टूटने लगते हैं. झड़ते बालों से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे शैंपू, सीरम और हेयर ट्रीटमेंट्स पर पैसा खर्च कर देते हैं, लेकिन कई बार फिर भी खास फर्क नहीं दिखता.
क्या भी बालों का झड़ना रोकने के लिए पानी की तरह पैसा बहा चुके हैं. अगर हां, तो आगे आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है. मशहूर हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब ने हेयरफॉल से छुटकारा पाने का एक आसान घरेलू तरीका बताया है, जो आपके बहुत काम आ सकता है. इसके लिए आपको सिर्फ रसोई में मौजूद एक चीज की जरूरत होगी. जी हां, महज एक चीज की. चलिए जानते हैं क्याहै वो चीज.
मॉनसून में बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं?
बारिश के मौसम में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है. इसकी वजह से पसीना बहुत ज्यादा आता है. पसीने की वजह से धूल बालों में ज्यादा चिपकती है और स्कैल्प पर एक्स्ट्रा तेल भी जमा होने लगता है.
इन सभी की वजह से स्कैल्प के पोर्स बंद होने लगते हैं. डैंड्रफ और खुजली की समस्या बढ़ सकती है. बालों की जड़ें कमजोर होने लगती हैं. नतीजतन बाल पहले से ज्यादा टूटने और झड़ने लगते हैं.
जावेद हबीब ने बताया शैंपू में क्या मिलाना चाहिए?
जावेद हबीब के मुताबिक, मॉनसून में बालों को सबसे ज्यादा जरूरत स्कैल्प की अच्छी सफाई की होती है. इसके लिए उन्होंने शैंपू में एक छोटी चम्मच सफेद सिरका मिलाने की सलाह दी है. उनका कहना है कि ये शैंपू में सफेद सिरका मिलाने से स्कैल्प अंदर तक से साफ होता है और बालों से जुड़ी कई परेशानियों को कम कर सकता है.
कैसे करें इसका इस्तेमाल?
बालों का झड़ना बंद करने के लिए शैंपू के साथ सिरका मिलाने वाला ये सस्ता और देसी तरीका अपनाने के लिए आपको ये करना होगा.
एक कटोरी में अपने इस्तेमाल के अनुसार शैंपू लें.
उसमें 1 छोटा चम्मच सफेद सिरका मिलाएं.
दोनों को अच्छी तरह मिक्स कर लें.
अब इसे स्कैल्प पर लगाकर 2 से 3 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें.
आखिर में नॉर्मल पानी से बाल अच्छी तरह धो लें.
सफेद सिरका बालों के लिए कैसे फायदेमंद हो सकता है?
सफेद सिरका स्कैल्प पर जमा एक्स्ट्रा तेल, गंदगी और प्रोडक्ट्स की लेयर को साफ करने में मदद कर सकता है. इसके साथ ही सिरक स्कैल्प का pH बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है. डैंड्रफ पैदा करने वाले फंगस और बैक्टीरिया की ग्रोथ कम करने में मददगार हो सकता है. बालों में नेचुरल शाइन लाने में मदद करता है. साफ स्कैल्प होने से बालों की जड़ें मजबूत रहने में मदद मिल सकती है.
इस हैक को कितनी बार इस्तेमाल करना चाहिए?
जावेद हबीब कहते हैं कि इस घरेलू नुस्खे को रोज-रोज करने की जरूरत नहीं है. हफ्ते में सिर्फ 1 बार इसका इस्तेमाल करें. ज्यादा बार लगाने से स्कैल्प रूखी हो सकती है या जलन महसूस हो सकती है.
किन लोगों को ये उपाय नहीं करना चाहिए?
अगर आपके स्कैल्प पर कोई घाव या कट है, गंभीर एलर्जी है या स्किन बहुत ज्यादा सेंसिटिव है, तो इस उपाय को करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें. अगर इस्तेमाल के दौरान तेज जलन या परेशानी महसूस हो, तो तुरंत बाल धो लें और दोबारा इसका इस्तेमाल न करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क