घर में ऐसी कई चीजें मौजूद होती हैं, जिनका इस्तेमाल लोग सिर्फ और सिर्फ एक ही काम के लिए करते हैं. इन्हीं में से एक प्रेस भी है. ज्यादातर लोग प्रेस को सिर्फ केवल कपड़ों की सिलवटें हटाने वाली मशीन मानते हैं. आपके घर पर भी ऐसा ही होता होगा. क्यों, सही कह रहे हैं ना हम? लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही साधारण सी दिखने वाली प्रेस आपके घर की छोटी-बड़ी परेशानियों का भी आसान समाधान बन सकती है?
जी हां, कपड़ों की सिलवटें हटाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रेस आपके घर के एक-दो नहीं, बल्कि कई कामों को आसान करती है. फर्नीचर की खूबसूरती वापस लानी हो, जिद्दी दाग हटाने हों या फिर पर्दों को नया जैसा बनाना हो, एक साधारण-सी आयरन आपके काफी काम आ सकती है. आइए जानते हैं इसके कुछ ऐसे हैक्स, जिन्हें जानकर आप भी कहेंगे- 'ये तो पहले पता होना चाहिए था!'
1. कारपेट या टेबलक्लॉथ पर गिरी मोम को करें गायब
अगर मोमबत्ती की वैक्स आपके कारपेट या टेबलक्लॉथ पर गिर गई है, तो उसे हटाना बहुत बड़ी सिरदर्दी बन सकता है. ये मोम आसानी से नहीं हटती है और इसे छुड़ाने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है. मोम को पहले पूरी तरह सूखने दें. इसके बाद जितना मोम निकल सके, निकाल लें. अब उस जगह पर पेपर या साफ कपड़ा रखकर हल्की गर्म प्रेस चलाएं. पिघली हुई वैक्स पेपर या कपड़े में चिपक जाएगी और दाग काफी साफ हो जाएगा.
2. क्रेयॉन के दाग हटाने में मददगार
घरों में बच्चे अक्सर दीवार, सोफा या कारपेट पर क्रेयॉन से निशान बना देते हैं. इससे ये बहुत गंदे लगते हैं, लेकिन इन्हें हटाना आसान नहीं होता. अगर आपके घर में भी ऐसे निशान हैं, तो आप उन्हें प्रेस की मदद से आसानी से हटा सकते हैं. दाग वाली जगह पर पेपर टॉवल रखकर हल्की गर्म प्रेस उस पर चलाएं. गर्मी से वैक्स सॉफ्ट होकर पेपर में ट्रांसफर होने लगती है और दाग हल्का पड़ जाता है.
3. जिद्दी स्टिकर का गोंद हटाने का आसान तरीका
फर्नीचर या किसी सामान पर चिपके स्टिकर का गोंद अक्सर आसानी से नहीं निकलता. इस पर बटर पेपर या पार्चमेंट पेपर रखकर हल्की सी प्रेस चलाएं. इससे गोंद सॉफ्ट हो जाएगा और आसानी से साफ किया जा सकेगा.
4. लकड़ी के फर्नीचर पर पड़े सफेद पानी के निशान हटाएं
गिलास या कप रखने से टेबल पर अक्सर सफेद गोल निशान बन जाते हैं. ऐसे में निशान के ऊपर पतला सूती कपड़ा रखें और बिना स्टीम के प्रेस की हल्की गर्मी दें. धीरे-धीरे नमी बाहर निकलने लगेगी और निशान हल्का पड़ जाएगा.
5. भारी पर्दों की सिलवटें बिना उतारे करें दूर
पर्दों को उतारकर प्रेस करना काफी मेहनत भरा काम होता है और उसमें बहुत ज्यादा समय लगता है. अगर आपकी प्रेस में स्टीम फीचर है, तो पर्दों को लटकाकर ही ऊपर से नीचे तक स्टीम कर दें. इससे सिलवटें भी हट जाएंगी और पर्दे फ्रेश भी दिखेंगे.
6. कारपेट पर बने फर्नीचर के गड्ढे करें ठीक
घरों में अक्सर कारपेट बिछे होते हैं. इन पर भारी सोफा या टेबल रखने से गड्ढे हो जाते हैं. इन्हें हटाने के बाद कारपेट पर पड़े दबाव ने निशान बहुत ही बुरे लगते हैं. इन जगहों पर गीला कपड़ा रखकर हल्की स्टीम दें. फिर उंगलियों या चम्मच की मदद से कारपेट के रेशों को फुलाएं. कुछ ही देर में कारपेट पहले जैसा दिखने लगेगा.
7. बिना सिलाई मशीन के करें छोटे-मोटे फैब्रिक रिपेयर
अगर कुशन कवर, टेबलक्लॉथ या कपड़े का किनारा खुल गया है, तो हर बार उसे सुई-धागे से सिलने की जरूरत नहीं होती है. आयरन-ऑन पैच या फ्यूजिबल टेप की मदद से कपड़े को आसानी से जोड़ा जा सकता है. बस टेप लगाकर ऊपर से प्रेस चलानी होती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क