How To Reuse Old Remote: घर में नया टीवी या AC या फिर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट आते ही पुराने गैजेट का रिमोट बेकार लगने लगता है. वो पुराना रिमोट अक्सर किसी दराज या अलमारी के कोने में पड़ा रह जाता है. फिर कुछ समय बाद जब उसकी जरूरत नहीं पड़ती तो लोग उसे कबाड़ समझकर फेंक देते हैं. आपके घर में भी शायद ऐसा ही किया जाता होगा. अगर हां, तो आप उन लोगों में शामिल हैं, जो पुराने या खराब रिमोट को दोबारा रीयूज करने के शानदार तरीके नहीं जानते हैं.
जी हां, क्या आप जानते हैं कि यही पुराना रिमोट कई छोटे-बड़े कामों में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है? इससे न सिर्फ ई-वेस्ट कम होगा, बल्कि घर में पड़े एक बेकार सामान को क्रिएटिव तरीके से काम की चीज में बदला जा सकता है. आज हम आपको पुराने या खराब रिमोट को दोबारा इस्तेमाल करने के कुछ दिलचस्प तरीके बताने वाले हैं.
1. फोटो क्लिक करने में आ सकता है काम: अगर आपको घर पर ग्रुप फोटो या सेल्फ-टाइमर सेट करके फोटो खींचने में परेशानी होती है तो पुराना रिमोट काम आ सकता है. कुछ डिवाइस और स्मार्टफोन सेटअप में रिमोट का इस्तेमाल कैमरा शटर ट्रिगर करने के लिए किया जा सकता है. यानी फोटो लेने के लिए बार-बार फोन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि ये तरीका हर फोन या रिमोट के साथ काम करे, ये जरूरी नहीं है, इसलिए इस्तेमाल से पहले डिवाइस की कंपैटिब्लिटी जरूर चेक कर लें.
2. किताबों के लिए बना सकते हैं शानदार बुकेंड: पुराने रिमोट को डेकोरेटिव बुकेंड के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए दो पुराने रिमोट लें और उन्हें किताबों के दोनों किनारों पर मजबूत तरीके से फिक्स कर दें. इससे किताबें एक जगह ऑर्गेनाइज्ड रहेंगी और आपकी बुकशेल्फ को थोड़ा अलग लुक भी मिलेगा. चाहें तो रिमोट को पेंट या डेकोरेटिव पेपर से कवर करके इसे और खूबसूरत बना सकते हैं.
3. घर के सिक्योरिटी सिस्टम के लिए करें इस्तेमाल: अगर आपके घर में ऐसा सिक्योरिटी कैमरा या CCTV सिस्टम है जिसे कंपैटिबल रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है, तो पुराना रिमोट दोबारा काम में लाया जा सकता है. इससे अलग से नया कंट्रोलर खरीदने की जरूरत कम हो सकती है. लेकिन ये तरीका तभी अपनाएं जब रिमोट और सिक्योरिटी सिस्टम आपस में कंपैटिबल हों.
4. बच्चों के DIY प्रोजेक्ट में काम आएंगे रिमोट के बटन: पुराने रिमोट के छोटे-छोटे बटन देखने में भले बेकार लगें, लेकिन DIY और क्राफ्ट प्रोजेक्ट के लिए ये बेहद काम के हो सकते हैं. खासकर बच्चों के मॉडल, रोबोट, स्पेसशिप, खिलौने या कंट्रोल पैनल जैसे प्रोजेक्ट में इन बटनों को लगाकर उन्हें असली कंट्रोल पैनल जैसा लुक दिया जा सकता है.
5. जूलरी रखने के लिए बनाएं यूनिक स्टैंड: पुराने रिमोट के बटन और उनके आसपास की जगह को क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल करके जूलरी डिस्प्ले तैयार किया जा सकता है. इसे लकड़ी या किसी मजबूत शीट पर लगाकर छोटे नेकलेस, ईयररिंग्स या ब्रेसलेट टांगे जा सकते हैं. अगर आप उसे थोड़ा डेकोरेटिव बनाना चाहते हैं, तो उसे पेंट कर सकते हैं या फिर उसे छोटी-छोटी चीजों से डेकोरेट कर सकते हैं. डेकोरेट करने के बाद यही पुराना रिमोट एक यूनिक DIY ऑर्गेनाइजर में बदल सकता है.
6. बच्चों के खिलौने के लिए इस्तेमाल हो सकते हैं पुराने पार्ट्स: अगर आपको इलेक्ट्रॉनिक्स और DIY की थोड़ी भी समझ है तो पुराने रिमोट के अंदर मौजूद कुछ हिस्सों को निकालकर बच्चों के लिए छोटे-छोटे खिलौने या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक प्रोजेक्ट तैयार किए जा सकते हैं. इससे पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाता है और बच्चों के लिए कुछ नया बनाने का एक्सपीरियंस भी मिलता है. हालांकि इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स खोलते समय सावधानी बरतने की जरूरत होती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क