How to Keep Bathroom Fresh: गर्मी के मौसम में बाथरूम और टॉयलेट में होने वाली उमस और बदबू किसी सजा से कम नहीं लगती. वेंटिलेशन की कमी के कारण वहां गर्म हवा और नमी जमा हो जाती है, जिससे सांस लेना भी भारी होने लगता है. इतना ही नहीं इस नमी की वजह से बाथरूम और टॉयलेट में काफी ज्यादा जर्म्स भी पनपने लगते हैं, जिनकी वजह से बीमारियों का खतरा भी दोगुना बढ़ जाता है.
अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो महंगे इक्विपमेंट्स पर पैसे खर्च करने के बजाय इन आसान और असरदार घरेलू जुगाड़ों को आजमाएं. इससे आपका बाथरूम न सिर्फ उमस-मुक्त रहेगा, बल्कि गर्मियों में भी ठंडक और ताजगी का अहसास भी कराएगा.
घर में मौजूद चीजों से ही आप अपने बाथरूम और टॉयलेट की उमस से राहत पा सकते हैं. आइए आपको कुछ घरेलू नुस्खे बताते हैं, जिनकी मदद से आप गर्मी के दिनों में उमस को दूर कर सकते हैं.
बेकिंग सोडा और नींबू का जादू
बेकिंग सोडा हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी को सोखने में माहिर है. आप एक कांच की कटोरी में आधा कप बेकिंग सोडा डालें और उसमें कुछ बूंदें नींबू के रस या एसेंशियल ऑयल की मिला दें. इसे बाथरूम के एक कोने में रख दें. यह उमस को कम करेगा और आ रही सीलन की बदबू को पूरी तरह खत्म कर देगा.
देसी डीह्यूमिडिफायर है सेंधा नमक
सेंधा नमक या साधारण मोटा नमक हवा से पानी की बूंदों को खींचने में कारगार होता है.एक प्लास्टिक के डिब्बे में नीचे कुछ छेद कर लें. उसमें मोटा नमक भरें और उस डिब्बे को एक दूसरी खाली बाल्टी या कटोरे के ऊपर रख दें. नमक हवा की नमी को सोखेगा, जो पानी बनकर नीचे के कटोरे में जमा हो जाएगा. यह उमस कम करने का सबसे सस्ता और सटीक तरीका है.
इनडोर प्लांट्स लगाएं
कुछ पौधे ऐसे होते हैं जो हवा से नमी को अपना खाना बनाते हैं. इन्हें बाथरूम में रखने से वहां का तापमान भी गिरता है और ताजगी बनी रहती है. मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, या बोस्टन फर्न को बाथरूम की खिड़की या कोने में जगह दें. ये पौधे उमस को कम करते हैं और ऑक्सीजन लेवल बढ़ाकर बाथरूम को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखते हैं.
कपूर और फिटकरी का कॉम्बो
गर्मियों में उमस के साथ-साथ टॉयलेट में कीड़े-मकोड़े और बैक्टीरिया भी पनपने लगते हैं. एक छोटी सी सूती पोटली में दो से तीन टिक्की कपूर और एक छोटा टुकड़ा फिटकरी का बांधकर टॉयलेट के पास लटका दें. इसका फायदा यह होता है कि कपूर की खुशबू मन को शांत और दिमाग को ठंडक का अहसास कराती है, जबकि फिटकरी आसपास के वातावरण को साफ रखती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क