How to Make Lauki Idli: लौकी जिसे घिया भी कहते हैं, एक बेहद पौष्टिक सब्जी है लेकिन आमतौर पर इसे बच्चे और बड़े दोनों ही खाने में कतराते हैं. ऐसे में अगर आप अपनी और बच्चों की डाइट में इसे शामिल करना चाहते हैं तो लौकी की इडली आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. यह न्यूट्रिशन और स्वाद का कॉम्बो है.
लौकी की इडली सूजी (रवा) और कद्दूकस की हुई लौकी से बनने वाला एक बेहद हल्का, स्पंजी और कम तेल का नाश्ता है. लौकी में पानी की मात्रा अधिक होती है जो गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखती है और सूजी के साथ मिलकर यह एक परफेक्ट वेट लॉस और पेट के लिए हल्की रेसिपी बन जाती है. यहां हम आपको लौकी की इडली बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं.
सामग्री
कद्दूकस की हुई लौकी: 1 कप (छीलकर बारीक कद्दूकस की हुई)
सूजी (रवा): 1.5 कप
दही: 1 कप (हल्का खट्टा हो तो बेहतर)
पानी: आवश्यकतानुसार
ईनो (Eno) या बेकिंग सोडा: 1 छोटा चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच
बारीक कटी हरी मिर्च: 1-2
अदरक का पेस्ट: ½ छोटा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
तड़के के लिए: 1 बड़ा चम्मच तेल, 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच सफेद उड़द दाल, 7-8 कड़ी पत्ता, एक चुटकी हींग.
बनाने का तरीका
सूजी और दही का घोल बनाएं: एक बड़े बर्तन में सूजी और दही को अच्छी तरह मिक्स कर लें. इसमें थोड़ा सा पानी डालकर इडली जैसा गाढ़ा बैटर तैयार करें और 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए.
तड़का लगाएं: एक छोटे पैन में 1 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई, उड़द दाल, हींग और कड़ी पत्ता डालकर चटकाएं. इस तैयार तड़के को सूजी और दही के घोल में डाल दें. इससे इडली का स्वाद दोगुना हो जाता है.
लौकी और मसाले मिलाएं: अब फूले हुए सूजी के बैटर में कद्दूकस की हुई लौकी, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. लौकी अपना पानी भी छोड़ती है, इसलिए अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तभी थोड़ा पानी और मिलाएं.
स्टीमर तैयार करें: इडली स्टीमर या कुकर में 1-2 ग्लास पानी डालकर गर्म होने के लिए रख दें और इडली मोल्ड्स (सांचों) को थोड़े से तेल से ग्रीस (चिकना) कर लें.
ईनो मिलाएं: अब बैटर में 1 छोटा चम्मच ईनो फ्रूट साल्ट (या बेकिंग सोडा) डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर इसे हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिक्स करें. ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर न रखें.
स्टीम करें: तुरंत बैटर को इडली सांचों में डालें और मध्यम से तेज आंच पर 12-15 मिनट के लिए स्टीम करें. चाकू या टूथपिक डालकर चेक करें, अगर वह साफ बाहर आए तो इडली तैयार है. 5 मिनट ठंडा होने के बाद इसे सांचों से निकालें और नारियल की चटनी या सांभर के साथ गर्मागर्म सर्व करें.
aajtak.in