How to Make Kele ke Kofte: दोपहर के खाने में अक्सर वही रोज की तोरई, भिंडी या लौकी खाकर हर कोई बोर हो जाता है. खासकर बच्चे हरी और सादी सब्जियां देखकर मुंह बनाने लगते हैं. अगर आप आज के लंच को कुछ ऐसा ट्विस्ट देना चाहते हैं जो देखने में बिल्कुल शाही लगे और स्वाद में मलाई कोफ्ते जैसा रिच हो तो कच्चे केले का कोफ्ता बेस्ट ऑप्शन है.
कच्चा केला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है और इसका कोफ्ता इतना सॉफ्ट और जूसी बनता है कि मुंह में जाते ही घुल जाता है. जब इसके कोफ्तों को टमाटर, प्याज और काजू-मसालों की गाढ़ी, मखमली ग्रेवी में पकाया जाता है तो इसका स्वाद नॉन-वेज और कड़ाही पनीर को भी फेल कर देता है. आइए जानते हैं इसे घर पर परफेक्ट और सॉफ्ट बनाने की सबसे आसान विधि.
सामग्री (Ingredients)
कच्चे केले: 4 (उबले हुए)
उबला आलू: 1 (बाइंडिंग के लिए)
बेसन: 2-3 बड़े चम्मच (भुना हुआ)
ग्रेवी के लिए: 2 बड़े प्याज (पेस्ट), 3 टमाटर (प्यूरी), 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, 6-7 काजू (भिगोए हुए).
खड़े मसाले: 1 तेजपत्ता, 1 बड़ी इलायची, 2 लौंग, 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी.
पिसे मसाले: 1 छोटी चम्मच हल्दी, 1 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच गरम मसाला, 1/2 चम्मच कसूरी मेथी.
तेल: कोफ्ते तलने और ग्रेवी पकाने के लिए
नमक और फ्रेश क्रीम/मलाई: स्वादानुसार व गार्निशिंग के लिए
बनाने का तरीका
उबले हुए कच्चे केलों का छिलका उतारकर उन्हें एक बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसमें एक उबला आलू कद्दूकस करके डालें. साथ में भुना हुआ बेसन, बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा हरा धनिया, नमक, थोड़ी सी लाल मिर्च और हल्दी डालकर बिना पानी के एक गाढ़ा डो तैयार कर लें.
हथेलियों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और इस मिक्स्चर की छोटी-छोटी गोलियां बना लें. एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और कोफ्तों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अलट-पलट कर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. तलने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें.
एक दूसरी कढ़ाई में 2 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें तेजपत्ता, दालचीनी, लौंग और बड़ी इलायची डालें. अब प्याज का पेस्ट डालकर उसे सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट भूनें.
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. तुरंत टमाटर की प्यूरी और काजू का पेस्ट (काजू को थोड़े पानी के साथ पीस लें) डालकर मसाले को तब तक पकाएं जब तक कि वह कढ़ाई से तेल न छोड़ने लगे.
मसाले के भुनते ही इसमें आवश्यकतानुसार (लगभग 1 से डेढ़ कप) गुनगुना पानी डालें और ढककर ग्रेवी को 5 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें. आखिरी में इसमें गरम मसाला और हाथों से क्रश की हुई कसूरी मेथी मिलाएं.
ये है जरूरी टिप: ध्यान रहे कि कोफ्तों को कभी भी उबलती हुई ग्रेवी में सीधे न डालें, नहीं तो वो टूट सकते हैं. सर्व करते समय कोफ्तों को सर्विंग बाउल में रखें और ऊपर से गरमा-गरम गाढ़ी ग्रेवी डालें. ऊपर से फ्रेश मलाई और हरे धनिए से गार्निश करके इसे तंदूरी रोटी, लच्छा पराठा या जीरा राइस के साथ लंच में परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क