गर्मी का मौसम आते ही लोगों बाहर की तपिश से छुटकारा पाने और ठंडक महसूस करने के लिए घरों में दिनभर AC चलाए रखते हैं. लेकिन दिनभर AC चलाने के बाद भी कमरा ठंडा नहीं हो पाता है. ऐसे में कमरा ना ठंडा होना और लगातार बढ़ता बिजली का बिल लोगों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन जाता है. कई बार लोग सोचते हैं कि शायद AC पुराना हो गया है या उसमें कोई खराबी आ गई है, लेकिन सच ये है कि दिक्कत हमेशा मशीन में नहीं होती. कई छोटी-छोटी बातें भी AC की कूलिंग पर बड़ा असर डालती हैं.
हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, AC की कूलिंग पर आपके कमरे में लगे पर्दे तक असर डाल सकते हैं. जी हां, अगर आप अपने कमरे के पर्दों में छोटा-सा बदलाव कर लें, तो AC पहले से ज्यादा तेजी से कूलिंग कर सकता है. ऐसा करने से आपको AC लगातार नहीं चलाना होगा और आपका बिजली का बिल अपने आप कम हो जाएगा. चलिए जानते हैं गर्मियों में कमरे में किस तरह के पर्दे लगाने चाहिए ये कैसे आपके कमरे की कूलिंग को बढ़ा सकते हैं.
पर्दों से क्या है AC का कनेक्शन?
पूरे दिन खिड़कियों से तेज धूप कमरे में आती है, जिसकी वजह से कमरा तपता रहता है. खिड़की से आने वाली धूप सिर्फ रोशनी ही नहीं लाती, बल्कि फर्श, दीवार और फर्नीचर तक को गर्म कर देती है. ऐसे में AC को कमरे को ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. अक्सर लगातार AC चलाने पर भी कमरा उस तरह से ठंडा नहीं हो पाता है, जैसा आप चाहते हैं.
ऐसे में अगर कमरे में लगे पतले-पतले नॉर्मल पर्दों की जगह ब्लैकआउट या मोटे इंसुलेटेड पर्दे लगा दिए जाएं, तो धूप और गर्मी काफी हद तक अंदर आने से रुक जाती है. इससे कमरा पहले से थोड़ा ठंडा रहता है और AC भी अच्छी कूलिंग करता है.
ब्लैकआउट पर्दे कैसे बचाते हैं बिजली बिल?
घर में लगे नॉर्मल पर्दों के मुकाबले ब्लैकआउट पर्दे सूरज की गर्मी को काफी हद तक रोक लेते हैं. इसका फायदा ये होता है कि कमरा ठंडा करने के लिए AC को बार-बार और लंबे समय तक चलना नहीं पड़ता. जब कमरे में गर्मी कम घुसेगी, तो AC भी कम चलाना होगा और बिजली की खपत भी अपने आप घटेगी. रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे पर्दे कमरे का तापमान कई डिग्री तक कम रखने में मदद कर सकते हैं. इससे AC जल्दी सेट तापमान तक पहुंच जाता है और ज्यादा देर तक बंद रह सकता है.
सिर्फ पर्दे नहीं, दरवाजा बंद रखना भी जरूरी
आप ब्लैकआउट पर्दे कितने भी लगा लें अगर AC चलाते समय कमरे का दरवाजा खुला रहता है, तो वो असर नहीं करते हैं. दरअसल, इसकी दरवाजा खुला होने की वजह से ठंडी हवा बाहर निकलती रहती है और बाहर की गर्म हवा अंदर आती रहती है. ऐसे में AC लगातार चलता रहता है लेकिन कमरा सही से ठंडा नहीं हो पाता. कमरे का दरवाजा बंद रखने से ठंडी हवा अंदर ही रहती है और AC जल्दी कूलिंग कर पाता है. इससे बिजली की बचत भी होती है.
24 डिग्री पर चलाएं AC, मिलेगा ज्यादा फायदा
बहुत लोग जल्दी ठंडक पाने के लिए AC को 18 या 16 डिग्री पर चला देते हैं, लेकिन इससे कूलिंग तेज नहीं होती. उल्टा AC ज्यादा बिजली खर्च करता है. एक्सपर्ट्स और ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के मुताबिक 24 डिग्री तापमान सबसे बेहतर माना जाता है.
छोटी-सी ट्रिक, बड़ा फायदा
अगर आप भी हर महीने बढ़ते बिजली बिल से परेशान हैं, तो सबसे पहले अपने कमरे के पर्दों पर ध्यान दें. मोटे या ब्लैकआउट पर्दे लगाना, दरवाजा बंद रखना और AC को सही तापमान पर चलाना ये छोटी-छोटी बातें आपके कमरे को ज्यादा ठंडा और बिजली बिल को काफी कम कर सकती हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क