How To Clean Dirty Comb: घरों में लड़कों से लेकर लड़कियां तक अपने बालों संवारने और सुलझाने के लिए कंघे का इस्तेमाल करते हैं. कंघे का दिन में एक बार नहीं बल्कि कई बार इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन उसकी सफाई पर अक्सर उतना ध्यान नहीं दिया जाता है. कंघे को रोजाना साफ शायद ही कोई करता होगा. ऐसे में धीरे-धीरे कंघे में बाल, धूल, तेल, रूसी और गंदगी जमा होने लगती है.
ये धूल इतनी ज्यादा जम जाती है कि कई बार उससे बाल भाने का तो दूर उसे हाथ लगाने का मन भी नहीं करता है. गंदा कंघा न सिर्फ देखने में खराब लगता है, बल्कि बालों और स्कैल्प की सफाई पर भी असर डाल सकता है. अगर आपके ड्रेसिंग टेबल पर रखा कंघा भी गंदा हो गया और आप समझ नहीं पा रहे हैं कि उसे कैसे साफ किया जाए तो ये खबर आपके लिए है. खास बात ये है कि कंघे को साफ करने के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ सिंपल सी चीजों से ही कंघा फिर से नया जैसे साफ बनाया जा सकता है. चलिए जानते कंघा साफ करने के आसान तरीके.
1. टैल्कम पाउडर से करें साफ: अगर ड्रेसिंग टेबल पर रखे कंघे में हल्की धूल और चिपचिपी गंदगी जमा हो गई है, तो आप उसे टैल्कम पाउडर काफी काम आ सकता है. इससे ये गंदगी झटपट साफ हो जाएगी.
टैल्कम पाउडर से कंघे की सफाई करने के लिए आपके बहुत थोड़ा सा पाउडर और पुराना टूथब्रश चाहिए होगा. सफाई करने के लिए सबसे पहले कंघे पर थोड़ा सा टैल्कम पाउडर छिड़क दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश की मदद से कंघे के दांतों के बीच हल्के हाथों से रगड़ें.
पाउडर गंदगी और तेल को सोख लेगा. इसके बाद आप आखिर में कंघे को झाड़कर साफ कर सकते हैं.
2. शैंपू और गुनगुने पानी से करें साफ: अगर कंघा बहुत ज्यादा गंदा हो गया है या उस पर तेल जमा हो गया है, तो ये तरीका सबसे असरदार माना जाता है. इसके लिए आपको 1 कटोरा गुनगुना पानी और 1 से 2 चम्मच शैंपू की जरूरत पड़ेगी.
इसकी मदद से कंघा साफ करने के लिए एक कटोरे में गुनगुना पानी लें. उसमें शैंपू मिलाकर घोल तैयार करें. कंघे को इस घोल में 10 से 15 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश से कंघे को रगड़कर साफ कर लें. फिर साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.
3. टूथपेस्ट से हटाएं जिद्दी मैल: कंघे पर जमी पुरानी और जिद्दी गंदगी को हटाने के लिए टूथपेस्ट भी काम का साबित हो सकता है. जी हां, दातों की सफाई के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला टूथपेस्ट, कंघे को साफ करने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए आपको थोड़ा सा सफेद टूथपेस्ट और पुराना टूथब्रश चाहिए होगा.
इससे कंघे की सफाई करने के लिए उस पर हल्का सा टूथपेस्ट लगाएं. 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें और फिर गुनगुने पानी से धोकर अच्छी तरह साफ कर लें.
4. बेकिंग सोडा और नींबू से लाएं चमक: अगर कंघा बहुत ज्यादा गंदा हो गया है और उसकी चमक भी फीकी पड़ गई है, तो बेकिंग सोडा और नींबू का इसे साफ करने में मदद कर सकता है. इसकी सफाई के लिए 1 चम्मच बेकिंग सोडा, 1 नींबू का रस और थोड़ा सा पानी चाहिए होगा.
बेकिंग सोडा और नींबू से कंघे की सफाई करने के लिए दोनों को मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को कंघे पर लगाएं. पेस्ट को 5 से 10 मिनट तक के लिए छोड़ दें. इसके बाद टूथब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें. साफ पानी से धोकर सुखा लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क