How To Clean Dirty Carpet: बिना वैक्यूम क्लीनर मिनटों में चमक जाएगा गंदा भारी-भरकम कालीन, बस अपनाएं ये 5 आसान घरेलू तरीके

How To Clean Dirty Carpet Without Vacuum Cleaner: घर में वैक्यूम क्लीनर नहीं है तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों और किचन में मौजूद चीजों की मदद से आप कालीन की धूल, दाग और बदबू आसानी से दूर कर सकते हैं. चलिए जानते हैं बिना वैक्यूम क्लीनर के कालीन साफ करने के लिए तरीके.

Advertisement
ज्यादा गंदा कालीन को डीप क्लीन किया जा सकता है. (Photo: ITG) ज्यादा गंदा कालीन को डीप क्लीन किया जा सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:42 AM IST

कालीन घरों को रॉयल लुक देता है. ऐसे में ज्यादातर लोग अपने ड्रॉइंग रूम से लेकर बेडरूम तक में कालीन बिछाते हैं. जब कालीन नए-नए आते हैं, तो वो बेहद खूबसूरत लगते हैं, लेकिन समय के साथ धीरे-धीरे इन पर धूल-मिट्टी बैठने लगती है. इसके साथ ही खाने-पीने के दाग, पालतू जानवरों के बाल और नमी की वजह से कार्पेट गंदा दिखने लगता है. जो साफ-सुथरा कालीन लोगों को खूबसूरत लगता है, वही कालीन गंदा होने के बाद उनका सबसे बड़ा सिरदर्द बन जाता है. दरअसल, भारी-भरकम कालीन को साफ करना आसान नहीं है.

ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि इसे साफ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर होना जरूरी है. हालांकि, अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर नहीं है या वो खराब हो गया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ साधारण सी चीजों और आसान घरेलू तरीकों की मदद से भी आप कालीन की जमी हुई गंदगी को काफी हद तक साफ कर सकते हैं. आइए जानते हैं कालीन को साफ करने के ऐसे आसान, किफायती और असरदार तरीके, जिन्हें अपनाकर आप बिना वैक्यूम क्लीनर के भी उसे चमकदार बना सकते हैं.

सबसे पहले करें ये तैयारी
कालीन की सफाई शुरू करने से पहले उसके ऊपर रखे फर्नीचर और दूसरी चीजों को हटा दें. जब आप फर्नीचर हटाएंगे तो देखेंगे कि उसके नीचे कागज, प्लास्टिक बैग्स पड़े होते हैं. इन्हें हाथ से उठाकर डस्टबिन में फेंक दें. अगर घर में पालतू जानवर हैं, तो रबर के दस्ताने पहनकर कालीन पर हाथ फेरें. इससे बाल आसानी से इकट्ठे हो जाएंगे.

1. ब्रश और डस्टपैन से करें सफाई: अगर आपके पास वैक्यूम नहीं है, तो मजबूत ब्रश और डस्टपैन का इस्तेमाल करके कालीन की सफाई की जा सकती है. जब भी आप ब्रश और डस्टपैन से सफाई करें तो इन बातों का ध्यान रखें.

Advertisement
  • छोटे-छोटे हिस्सों में सफाई करें.
  • ब्रश को एक ही दिशा में चलाने की बजाय अलग-अलग दिशाओं में चलाएं.
  • इससे धूल और कचरा बाहर निकल आएगा, जिसे डस्टपैन से उठाया जा सकता है.

2. बेकिंग सोडा से दूर करें बदबू: अगर कालीन से बदबू आ रही है, तो आपकी रसोई में रखा बेकिंग सोडा काफी काम आ सकता है.  ध्यान रखें कि बेकिंग सोडा हमेशा सूखा ही इस्तेमाल करें। इसे पानी में मिलाकर न लगाएं.

  • पूरे कालीन पर एक पतली सी लेयर बनाते हुए बेकिंग सोडा छिड़क दें.
  • इसे कम से कम 30 मिनट तक छोड़ दें. ज्यादा बदबू हो तो रातभर भी छोड़ सकते हैं.
  • इसके बाद ब्रश से बेकिंग सोडा हटाकर कालीन साफ कर लें.

3. दाग दिखते ही तुरंत साफ करें: कॉफी, चाय, जूस या दूसरी चीज गिर जाए तो उसे सूखने का इंतजार बिल्कुल न करें. जैसे ही चॉय, कॉफी या कोई भी चीज काली पर गिरे तो साफ कपड़े से दाग को हल्के हाथ से दबाकर सोखें. लेकिन कभी भी इसे रगड़ने की गलती न करें, इससे दाग और फैल सकता है. जरूरत हो तो इसे साफ करने के लिए हल्के साबुन और पानी का इस्तेमाल करें.

4. ज्यादा गंदे कालीन की ऐसे करें डीप क्लीनिंग: अगर कालीन पर काफी गंदगी जमा हो गई है, तो हल्के डिटर्जेंट और गुनगुने पानी का घोल बनाएं. ब्रश को हल्का गीला करके कालीन को धीरे-धीरे साफ करें. इसके बाद साफ पानी में भीगे कपड़े से साबुन पोंछ दें. आखिर में सूखे तौलिए से एक्स्ट्रा नमी सोख लें और कालीन को पूरी तरह सूखने दें. हालांकि, ध्यान रखें की गीले कालीन का इस्तेमाल तब तक न करें, जब तक वह पूरी तरह सूख न जाए.

Advertisement

5. पालतू जानवरों के बाल हटाने का आसान तरीका: अगर कालीन पर पालतू जानवरों के बाल चिपके रहते हैं, तो रबर के दस्ताने या विंडो स्क्वीजी का इस्तेमाल करें. ये बालों को एक जगह इकट्ठा कर देते हैं, जिससे उन्हें उठाना आसान हो जाता है.

किन बातों का रखें ध्यान?
सफाई करने से पहले किसी भी क्लीनिंग सॉल्यूशन को कालीन के छिपे हुए हिस्से पर टेस्ट कर लें.
कालीन को जरूरत से ज्यादा गीला न करें.
सफाई के बाद उसे अच्छी तरह सूखने दें, ताकि फफूंदी और बदबू न आए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »