कॉफी पीना हर किसी को पसंद होता है लेकिन यदि वही आपकी पसंदीदा कॉफी आपके कपड़ों पर गिर जाए तो पूरा मूड खराब हो जाता है. कॉफी का जिद्दी दाग कपड़ों से आसानी से नहीं जाता और अगर इसे तुरंत साफ न किया जाए तो कपड़े पर परमानेंट निशआन भी बन सकता है. कॉफी गिरने के बाद लोग अक्सर घबराकर कपड़ों को तेजी से रगड़ने लगते हैं जिससे दाग और ज्यादा फैल जाता है. लेकिन कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप कॉफी के दाग को मिनटों में गायब कर सकते हैं.
दाग लगते ही सबसे पहले क्या करें?
जैसे ही कपड़े पर कॉफी गिरे, बिना समय गंवाए तुरंत एक्शन लें. दाग को रगड़ने की बजाय एक साफ टिशू पेपर या कपड़े से हल्के हाथों से थपथपाकर एक्स्ट्रा लिक्विड को सोख लें. इसके बाद कपड़े को उल्टा करके दाग वाले हिस्से पर पीछे की तरफ से ठंडा पानी डालें. ऐसा करने से दाग कपड़े के रेशों में अंदर तक नहीं बैठता और आसानी से निकल जाता है.
ठंडे पानी का इस्तेमाल क्यों जरूरी?
ब्रिटेन की मशहूर होम और लाइफस्टाइल वेबसाइट गुड हाउसकीपिंग के अनुसार, यदि आपकी कॉफी में दूध या क्रीम मिला हुआ है तो उसे साफ करने के लिए कभी भी गर्म पानी का इस्तेमाल न करें. दूध में मौजूद प्रोटीन गर्म पानी के संपर्क में आते ही कपड़े के धागों के साथ बॉन्ड बना लेता है जिससे दाग हमेशा के लिए पक्का हो जाता है. इसलिए हमेशा ठंडे या नॉर्मल पानी से ही कपड़े को साफ करना शुरू करें.
बेकिंग सोडा से गायब होगा जिद्दी दाग
कपड़ों से पुराना और सूखा हुआ दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा सबसे बेस्ट फॉर्मूला है. दाग वाले हिस्से को थोड़ा सा गीला करें और उस पर एक चम्मच बेकिंग सोडा पाउडर छिड़क दें. इसे करीब आधे घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि सोडा दाग को पूरी तरह सोख ले.
इसके बाद नॉर्मल पानी से धोकर कपड़े को वॉशिंग मशीन में धो लें. ध्यान रहे कि जब तक दाग पूरी तरह साफ न हो जाए, कपड़े को ड्रायर में न सुखाएं, क्योंकि ड्रायर की हीट दाग को हमेशा के लिए फिक्स कर सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क