आजकल कई महिलाएं चेहरे पर अनचाहे बाल, बार-बार होने वाले मुंहासे और अनियमित पीरियड्स जैसी समस्याओं से परेशान रहती हैं.कई मामलों में ये लक्षण PCOS यानी पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम से जुड़े हो सकते हैं.इस हार्मोनल समस्या का इलाज डॉक्टर की सलाह से ही किया जाना चाहिए, लेकिन कुछ घरेलू उपाय शरीर को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं।
इसी बीच फिल्म 'मैंने प्यार किया' फेम एक्ट्रेस भाग्यश्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक आसान घरेलू नुस्खा शेयर किया है, जिसे उन्होंने PCOS से जुड़ी कुछ समस्याओं में मददगार बताया है.
भाग्यश्री ने क्या बताया?
भाग्यश्री के मुताबिक, आज के समय में हर दूसरी महिला किसी न किसी रूप में PCOS की समस्या से जूझ रही है.इस स्थिति में शरीर में एंड्रोजन (मेल हार्मोन) का लेवल बढ़ सकता है, जिसकी वजह से चेहरे पर अनचाहे बाल, मुंहासे, अनियमित पीरियड्स और वजन बढ़ने जैसी परेशानियां हो सकती हैं.
उन्होंने बताया कि मुलेठी का सेवन शरीर में एंड्रोजन लेवल को बैलेंस रखने में कुछ हद तक मदद कर सकता है.हालांकि उन्होंने साफ कहा कि यह कोई इलाज नहीं, बल्कि एक घरेलू उपाय है, जिसे डॉक्टर की सलाह के साथ अपनाया जा सकता है.
मुलेठी का पानी कैसे बनाएं?
इस नुस्खे को तैयार करना बेहद आसान है. सबसे पहले मुलेठी की जड़ का एक छोटा टुकड़ा लें. इसे एक कप पानी में डालें, 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर उबालें. जब पानी उबल जाए तो उसे छानकर हल्का गुनगुना होने पर पी लें.
क्या मुलेठी वास्तव में फायदेमंद है?
कुछ रिसर्च के मुताबिक, मुलेठी में ग्लाइसिराइजिन नामक प्राकृतिक तत्व पाया जाता है. इसमें सूजन कम करने वाले गुण होते हैं और यह शरीर में शुगर मेटाबॉलिज्म और हार्मोनल बैलेंस को बेहतर बनाए रखने में कुछ हद तक मदद कर सकता है. यही वजह है कि इसे PCOS से जुड़ी समस्याओं में मददगार माना जाता है. हालांकि इस टॉपिक पर अभी और वैज्ञानिक रिसर्च की जरूरत है.
इन बातों का रखें ध्यान
Disclaimer: यह घरेलू उपाय केवल हार्मोनल संतुलन को सपोर्ट करने में मदद कर सकता है.इसे PCOS का इलाज नहीं माना जा सकता. बेहतर रिजल्ट के लिए बैलेंस डाइट, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क