Nepali kheere Achar Recipe: आम-नींबू का बहुत खा लिया, अब ट्राई करें खीरे का ये नेपाली अचार, 10 मिनट में हो जाएगा तैयार
खीरे को सलाद और रायता ही लोग सबसे ज्यादा बनाकर खाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका अचार भी बोरिंग खाने में जान फूंक सकता है. दोपहर के खाने से साथ झटपट खीरे का नेपाली स्टाइल में अचार बनाकर खाएं. एक बार खाने के बाद आप बार-बार इसे बनाएंगे. नोट करें इसकी आसान रेसिपी.
Nepali kheere Achar Recipe : भारत में खाने के साथ साइड डिश होना लाजमी है, चाहे वो चटनी, अचार, पापड़ या दही ही क्यों ना हो. भारत में कई तरह का अचार लोग बनाकर खाते हैं, सबसे ज्यादा आम, नींबू, मूली, गाजर का अचार लोगों को खाना अच्छा लगता है. गर्मियां आते ही लोग आम का अचार डालना शुरू भी कर देते हैं, हालांकि उसको बनने में काफी टाइम लगता है. लेकिन अगर आपको अचार खाना पसंद है और आपके पास ज्यादा समय नहीं होता है तो आप यह इंस्टेट अचार ट्राई कर सकते हैं, जो आपके सादे दाल-चावल को भी लाजवाब बना देगा.
Advertisement
नेपाली मूली का अचार तो आपने खाया होगा, लेकिन क्या आपने कभी नेपाली स्टाइल खीरे का अचार खाया है. यह अचार स्वाद में खट्टा, तीखा और हल्का मसालेदार होता है, जो दाल-चावल, पराठा, पूरी या स्नैक्स के साथ बेहतरीन लगता है. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद साधारण सामग्री से आसानी से तैयार हो जाता हैं.
सबसे पहले खीरे को अच्छी तरह धोकर अपनी पसंद की शेप में काट लें. अब इसमें नमक डालकर 10 से 15 मिनट के लिए साइड में रख दें, ताकि खीरे का अतिरिक्त पानी निकल जाए, इसके बाद हल्का सा पानी निचोड़ लें.
अब एक बड़े बाउल में कटे हुए खीरे, पतले कटे प्याज, छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा उबला आलू और बारीक कटी हरी मिर्च डालें.
इसके बाद धनिया पाउडर, भुना जीरा पाउडर, अमचूर, कश्मीरी लाल मिर्च, देगी मिर्च और भुने तिल का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
अब इसमें सिरका और सरसों का तेल डालें. आखिर में कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच हल्का मसलकर डालें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें, ताकि मसाले हर टुकड़े पर अच्छी तरह चढ़ जाएं.
अचार को बनाने के बाद आप करीब 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, जिससे मसालों का स्वाद खीरे और आलू में अच्छी तरह समा जाए. अगर आपके पास समय ना हो तो आप इसे डायरेक्ट भी खा सकते हैं.
प्रो टिप: यह इंस्टेंट अचार है, इसलिए इसे ताजा बनाकर एक से दो दिन के अंदर फ्रिज में रखकर इस्तेमाल करना सबसे अच्छा रहता है. तिल का पाउडर डालने से अचार का स्वाद भी बढ़ जाता है और इसका टेक्सचर भी गाढ़ा हो जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क