Trump Tower Mumbai: मुंबई में दुनिया के टॉप 10 अमीर लोगों की लिस्ट में शुमार लोग भी रहते हैं और मायानगरी में कई फिल्म स्टार्स के भी बंगले और अपार्टमेट हैं. बिजनेस से लेकर फिल्म स्टार्स के घर अक्सर सुर्खियों में छाए रहते हैं. अंबानी परिवार का घर एंटालिया की कई इनसाइड फोटोज सामने आई हैं, जिसके जमकर चर्चे होते हैं. हालांकि मुंबई जैसे शहर में घर खरीदना वैसे ही बड़ी बात है, लेकिन जब किसी फ्लैट की कीमत 12 करोड़ रुपये हो तो लोगों की दिलचस्पी यह जानने में जरूर होती है कि आखिर इस घर में ऐसा क्या खास है.
हाल ही में साउथ मुंबई के वर्ली इलाके में मौजूद ट्रंप टावर के एक 4BHK फ्लैट का वीडियो वायरल हुआ, जो इन दिनों इंटरनेट पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है. बता दें कि मुंबई के वर्ली इलाके में बना ट्रंप टावर अपनी लग्जरी और खास डिजाइन के लिए जाना जाता है. हाल ही में इस टावर के एक लग्जरी फ्लैट का वीडियो सोशल मीडिया और रियल एस्टेट से जुड़ी चर्चाओं में नजर आया.
करीब 12 करोड़ रुपये कीमत वाले इस 4BHK फ्लैट में होटल जैसी सुविधाएं, शानदार इंटीरियर और समुद्र का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. 1,600 वर्ग फीट के इस घर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां रहने वाले लोगों को प्राइवेसी के साथ प्रीमियम लाइफस्टाइल का एक्सपीरियंस मिले.
12 करोड़ के फ्लैट में क्या है खास?
यह फ्लैट साउथ मुंबई के वर्ली इलाके में मौजूद ट्रंप टावर का हिस्सा है, जो 17 एकड़ के लोढ़ा पार्क प्रोजेक्ट में स्थित है. करीब 78 मंजिल ऊंची इस बिल्डिंग का बाहरी हिस्सा गोल्डन कलर की वजह से दूर से ही अलग नजर आता है. फ्लैट में चार बेडरूम हैं और इसका कारपेट एरिया करीबन 1,600 वर्ग फीट बताया गया है. घर के लिविंग एरिया में फर्श से छत तक बड़े कांच के शीशे लगाए गए हैं और इन खिड़कियों से अरब सागर, बांद्रा-वर्ली सी लिंक और आसपास के हरे-भरे हिस्सों का नजारा दिखाई देता है.
मार्बल फ्लोरिंग और मॉडर्न किचन
फ्लैट के इंटीरियर की बात करें तो इसमें डार्क और चमकदार मार्बल फ्लोरिंग का इस्तेमाल किया गया है. गर्म रोशनी वाली सीलिंग लाइट्स इस फ्लोरिंग पर रिफ्लेक्शन बनाती हैं, जिससे घर का लुक काफी प्रीमियम दिखाई देता है. लिविंग एरिया की दीवारों पर ग्रे कलर का यूज किया गया है, जबकि एक खास मेटल टाइल वाली दीवार को फोकल प्वाइंट बनाया गया है. घर में मॉड्यूलर आइलैंड किचन भी है, जिसे प्रीमियम फिनिश के साथ तैयार किया गया है. इसके अलावा घर में होम ऑटोमेशन की फैसिलिटी भी दी गई है.
बेहद लग्जरी है बाथरूम
मास्टर बाथरूम भी इस फ्लैट का किसी नॉर्मल घर से काफी लग्जरी अंदाज में डिजाइन किया गया है, जहां पर बडे बाथटब, टीवी मिरर और प्रीमियम सैनिटरी फिटिंग जैसी फैसिलिटी दी हई हैं. घर के अंदर ही इस तरह फैसिलिटी मौजूद हैं जो अक्सर लग्जरी होटल्स में ही देखने को मिलती हैं.
होटल जैसी मिलती हैं सुविधाएं
ट्रंप टावर में रहने वालों को 24 घंटे रेजिडेंशियल मैनेजर, प्राइवेट कंसीयर्ज और वैलेट जैसी सेवाएं मिलती हैं. टावर में इंडोर स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर, स्पा, ट्रीटमेंट रूम, गेम लाउंज और गेस्ट सुइट जैसी फैसिलिटी भी यहां रहने वाले लोगों को दी जाती है. इसके अलावा लोढ़ा पार्क में एथलेटिक ट्रैक, क्रिकेट पिच, आउटडोर टेनिस कोर्ट, मिनी गोल्फ लॉन और मेडिटेशन गार्डन भी शामिल हैं. सुरक्षा के लिए कई लेवल की सिक्योरिटी व्यवस्था और प्राइवेट लिफ्ट एक्सेस भी दिया गया है.
घर से दिखता है मुंबई का खूबसूरत नजारा
इस फ्लैट की सबसे खास बातों में से एक इसका व्यू है. बड़ी-बड़ी कांच की खिड़कियों से मुंबई की स्काईलाइन और समुद्र दिखाई देता है. घर में चार बेडरूम को जोड़ते हुए लंबा गैलरी जैसा कॉरिडोर बनाया गया है, जिससे लिविंग और प्राइवेट स्पेस अलग-अलग रहते हैं. फ्लैट के साथ तीन कवर्ड कार पार्किंग भी मौजूद है, ताकि यहां रहने वाले लोगों को पार्किंग की कोई परेशानी ना हो.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क