घर में फोटो फ्रेम लगाना हो, दीवार पर घड़ी टांगनी हो या फिर त्योहारों पर कैलेंडर लगाने के लिए कील ठोकनी हो, इन सभी चीजों के लिए कील ठोकनी पड़ती है. कील ठोकने से अक्सर प्लास्टर टूटने लगता है. ऐसे में कहना गलत नहीं होगा कि कई बार एक छोटी-सी जरूरत के चक्कर में दीवार का प्लास्टर खराब हो जाता है. कील लगाते समय हथौड़े की चोट से प्लास्टर के टुकड़े निकलने लगते हैं और आसपास गड्ढा बन जाता है. इससे दीवार देखने में भद्दी लगने लगती है. खासकर जब घर में नया पेंट या प्लास्टर कराया हो, तो ऐसी परेशानी ज्यादा खलती है.
अक्सर लोग इस परेशानी से बचने के लिए कील ठोकने की जगह बदल देते हैं या फिर दीवार पर बने गड्ढे को छिपाने की कोशिश करते हैं. लेकिन अगर कील लगाते समय ही थोड़ी सावधानी बरती जाए, तो प्लास्टर को नुकसान पहुंचने का खतरा कम किया जा सकता है. इसके लिए आपको किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं है. चलिए जानते हैं कि दीवार पर कील ठोकते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और आप कैसे प्लास्टर को टूटने से बचा सकते हैं.
1. कील लगाने से पहले दीवार करें चेक: कील ठोकने से पहले उस जगह को ध्यान से देखें. अगर प्लास्टर उखड़ा हुआ है, दरारें हैं या नमी के निशान हैं, तो वहां कील लगाने से बचें. दीवार को हल्के हाथ से थपथपाकर देखें. अगर आवाज खोखली लगे, तो प्लास्टर कमजोर हो सकता है. ऐसी स्थिति में उस जगह पर कील ना ठोकें.
2. कील वाली जगह पर चिपकाएं टेप: अगर आप चाहते हैं कि कील ठोकते वक्त प्लास्टर ना टूटे तो जिस जगह कील ठोकनी है उस जगह पर पेंटर टेप का छोटा टुकड़ा चिपका दें. टेप के बीच में निशान लगाकर कील रखें और हल्के हाथ से हथौड़ा चलाएं. इससे छोटी-मोटी टूट-फूट कम हो सकती है. लेकिन अगर प्लास्टर ज्यादा ही कमजोर है, तो टूटने का खतरा टेप लगाने के बाद भी बना रहता है.
3. हथौड़े से धीरे-धीरे चोट करें: कील ठोकते समय शुरुआत में जोरदार चोट करने से बचें. इससे कील फिसल सकती है और प्लास्टर टूट सकता है. पहले हल्के हाथ से हथौड़ा चलाएं और कील के स्टेबल होने पर धीरे-धीरे आगे बढ़ें. हथौड़े को सीधा रखें.
4. कील को पकड़ने के लिए इस्तेमाल करें क्लिप: कील ठोकते समय उसे उंगलियों से पकड़ने पर चोट लग सकती है. इसलिए शुरुआत में कील को स्टेबल रखने के लिए कील-होल्डर या खास क्लिप का इस्तेमाल करें. इससे उंगलियों को हथौड़े की चोट से बचाने में मदद मिलेगी.
5. दीवार के हिसाब से चुनें कील: हर दीवार पर एक जैसी कील इस्तेमाल करना सही नहीं होता है. कंक्रीट की दीवार पर नॉर्मल कील ठोकने से प्लास्टर टूट सकता है. ऐसी जगह सही ड्रिल बिट, स्क्रू और वॉल प्लग का इस्तेमाल करें. अगर प्लास्टर कमजोर है या नमी के कारण उखड़ रहा है, तो पहले उसे रिपेयर करवाना सही रहता है.
6. ब्रेड का टुकड़ा करेगा कमाल: कील को शुरुआत में स्टेबल रखने के लिए ब्रेड के सॉफ्ट हिस्से का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए ब्रेड की छोटी-सी गोली बनाकर कील वाली जगह पर रखें और उसके ऊपर कील टिकाकर हल्के हाथ से हथौड़ा चलाएं. इससे शुरुआती चोटों के दौरान कील को सहारा मिल सकता है. हालांकि, प्लास्टर को टूटने से बचाने के लिए हथौड़े से धीरे-धीरे चोट करना जरूरी है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क