दुनिया में करोड़ों लोग कॉफी लवर्स हैं. इसके लिए वो अलग-अलग तरह की कॉफी पीना पसंद करते हैं. कई बार तो वे कॉफी पीने के लिए कुछ हजार रुपये भी खर्च कर देते हैं लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि एक कॉफी ऐसी है जिसकी कीमत 500-1000 रुपये नहीं बल्कि करीब 57,000 रुपये है. दरअसल, दुनिया में कॉफी के कुछ शौकीन ऐसे भी हैं जो इसके लिए इतना खर्च करने से नहीं हिचकिचाते. पनामा की हेसिएंडा ला एस्मेराल्डा फार्म से आने वाली गेशा कॉफी ने 2025 में ऑक्शन में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. यह सिर्फ कॉफी नहीं, बल्कि एक लग्जरी एक्सपीरियंस है जिसे दुनिया के सबसे अमीर लोग ही अफोर्ड कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं इस कॉफी की क्या खासियत है और ये क्यों इतनी महंगी है.
1 किलो की कीमत 25 लाख रुपए
परफेक्ट डेली ग्राइंड के मुताबिक, दुबई के रोस्टर्स स्पेशलिटी कॉफी हाउस में इस कॉफी का एक कप लगभग 57,000 रुपए ($680) में मिलती है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे दुनिया की सबसे महंगी कॉफी का दर्जा दिया है. यूपीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के बेस्ट ऑफ पनामा ऑक्शन में इस कॉफी के 1 किलो के लिए $30,204 यानी करीब 25 लाख रुपए की बोली लगाई गई, जो अब तक का वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
कीमत इतनी अधिक क्यों है?
कीमत इतनी ज़्यादा होने की सबसे बड़ी वजह इसकी खासियत और भयंकर कमी है. जिस कॉफी ने यह रिकॉर्ड बनाया, उसे तैयार करने में 13 साल की लंबी रिसर्च और मेहनत लगी है. यह कोई आम कॉफी नहीं है जो हर जगह मिल जाए, बल्कि यह दुनिया के एक बेहद खास हिस्से में बहुत ही कम मात्रा में उगाई जाती है.
कॉफी के शौकीनों और बड़े बायर्स के लिए इसे खरीदना एक बड़े स्टेटस और सम्मान की बात होती है. सीधे शब्दों में कहें तो इसकी लाजवाब क्वालिटी, सालों की मेहनत और मार्केट में इसकी भारी कमी ही इसकी कीमत को आसमान पर पहुंचा देती है.
क्या है इस कॉफी की खासियत?
स्प्रूज कॉफी की रिपोर्ट के मुताबिक, पनामा के बोकेटे, चिरिकी में स्थित हेसिएंडा ला एस्मेराल्डा फार्म पर उगाई जाने वाली इस वॉश्ड गेशा कॉफी को पनामा इंटरनेशनल जजिंग में 98 अंक मिले थे जो कि ग्लोबल कॉफी की क्वालिटी की सबसे बड़ी रैंकिंग है.
20 किलोग्राम धुले हुए निडो कॉफी के लॉट पर कुल 549 बोलियां लगाई गई थीं. नीलामी के समय दुबई में कुछ दिन पहले ओपन एक एक कॉफी शॉप के ब्रांड 'जुलिथ कॉफी' ने सबसे ऊंची बोली लगाई और उस लॉट को 5 करोड़ 78 लाख रुपये में खरीद लिया था.
दुबई में 12 लक्जरी ऑल-डे डाइनिंग कैफे ऑपरेट करने वाला रोस्टर्स स्पेशलिटी कॉफी हाउस, उसी फार्म की कॉफी सर्व करता है. हारियो वी60 मशीन से तैयार की गई और विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए एडो किरिको क्रिस्टल ग्लास में परोसी गई यह कॉफी एक लग्जरी डाइनिंग की पहचान बनी हुई है.
परफेक्ट डेली ग्राइंड से बात करते हुए प्रोजेक्ट जीरो कॉफी के फाउंडर कर्क पियर्सन ने बताया कि दुबई एक टैक्स हैवन है और यहां दुनिया के सबसे अमीर लोग रहते हैं. उनके लिए 57,000 रुपये की कॉफी पीना एक नॉर्मल एक्टिविटी है. वे बस यह कहना चाहते हैं कि उन्होंने दुनिया की सबसे महंगी कॉफी ट्राई की. इसके अलावा बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां भी अपने क्लाइंट्स को इंप्रेस करने के लिए ऐसी कॉफी खरीदती हैं.
कैसा है इस कॉफी का टेस्ट?
कॉफी रिव्यू के मुताबिक, गेशा कॉफी में लिलाक, कोको, टेंजेरिन, खुबानी और चंदन जैसे फ्लेवर नोट्स हैं. गर्म पीने पर जैस्मीन जैसी तेज खुशबू आती है और टेस्ट बिल्कुल वाइल्डफ्लॉवर शहद वाली व्हाइट टी जैसा लगता है.
जैसे-जैसे कॉफी ठंडी होती है, मैंगो और लीची जैसे ट्रॉपिकल फ्रूट के फ्लेवर और स्ट्रॉन्ग होते जाते हैं. सीधे शब्दों में कहें तो यह उन लोगों की कॉफी नहीं है जो कड़क और कड़वी कॉफी पसंद करते हैं, बल्कि यह उनके लिए है जो हर घूंट में एक नया फ्लेवर एक्सप्लोर करना चाहते हैं, जैसे कोई महंगी वाइन टेस्ट कर रहे हों.
ताइवान और जापान में भी है क्रेज
ताइवान में वर्ल्ड बरिस्ता चैंपियन बर्ग वू के कैफे सिंपल काफा ने एलिडा एस्टेट गेशा का एक कप 60,756 रुपये में बेचा. शुरुआत में हफ्ते में 2 से 4 कप बिकते थे. जापान के वनबाईवन कैफे ने तो एक कप 84,712 में भी बेचा जो पर सर्विंग के हिसाब से दुनिया की सबसे महंगी कॉफी हो सकती है.
जानकारी के मुताबिक, जैसे-जैसे दुनिया में अमीरों की तादाद बढ़ रही है और क्लाइमेट चेंज की वजह से रेयर कॉफी बीन्स की सप्लाई घट रही है, कीमतें और ऊपर जाएंगी. स्प्रूज कॉफी के मुताबिक 28.70 लाख प्रति किलो से भी अधइक कीमत तक पहुंचना नई बात नहीं होगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क