कार बनी 'चंदन की दुकान', 11 लाख का माल बेचने का इंतजार कर रहे थे... तभी पहुंच गई पुलिस

कार सड़क किनारे खड़ी थी. अंदर एक पुरुष और एक महिला बैठे थे. दोनों ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे. फर्क बस इतना था कि कार में कपड़े, जूते या कोई आम सामान नहीं, बल्कि 11 लाख रुपये की चंदन की लकड़ी रखी थी. बेंगलुरु में चल रहे इस अनोखे 'मोबाइल कारोबार' पर पुलिस ने छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
पुलिस ने कार से महिला और पुरुष को पकड़ लिया है. (Photo: Representational) पुलिस ने कार से महिला और पुरुष को पकड़ लिया है. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • बेंगलुरु,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:12 PM IST

बेंगलुरु पुलिस ने चंदन की लकड़ी की अवैध बिक्री के मामले में एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 44.780 किलोग्राम चंदन की लकड़ी और एक कार बरामद की है. जब्त माल की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है.

एजेंसी के अनुसार, यह मामला बेंगलुरु के लग्गेरे इलाके का है. 30 मई को नंदिनी लेआउट पुलिस स्टेशन की टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक बार और रेस्तरां के पास पुल के नजदीक कुछ लोग चंदन की लकड़ी की अवैध बिक्री कर रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी. वहां एक कार खड़ी थी. कार में एक पुरुष और एक महिला मौजूद थे.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि दोनों राहगीरों और संभावित ग्राहकों को बुला रहे थे. जब टीम ने नजदीक जाकर जांच की, तो कार के अंदर बड़ी मात्रा में चंदन की लकड़ी रखी मिली. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिना किसी वैध लाइसेंस के चंदन की लकड़ी बेच रहे थे. उनका मकसद जल्दी पैसा कमाना था.

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु: इरोड में पुलिस का एक्शन, 50 लाख रुपये की चंदन की लकड़ी ज़ब्त, दो गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने कार से कुल 68 चंदन के टुकड़े बरामद किए. इनका कुल वजन 44.780 किलोग्राम निकला. जब कीमत का आकलन किया गया तो यह करीब 11 लाख रुपये निकली. यानी कार कोई सामान्य कार नहीं, बल्कि चलते-फिरते 'चंदन स्टोर' में बदल गई थी. इसके बाद पुलिस ने न सिर्फ चंदन की लकड़ी जब्त की, बल्कि उस कार को भी अपने कब्जे में ले लिया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर इस अवैध कारोबार में किया जा रहा था.

Advertisement

चंदन की कटाई, परिवहन और बिक्री पर सख्त नियम लागू हैं. बिना वैध अनुमति या लाइसेंस के चंदन की खरीद-बिक्री कानूनन अपराध है. यही वजह है कि आरोपियों के खिलाफ कर्नाटक वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में चंदन की लकड़ी उनके पास कहां से आई. क्या वे सिर्फ विक्रेता थे या फिर किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा? जांच एजेंसियां इसी कड़ी को जोड़ने में लगी हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »