कर्नाटक के गोकर्ण में रविवार को समुद्र किनारे घूमने गए बेंगलुरु की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों की डूबने से मौत हो गई. तीनों समुद्र में उठी तेज लहरों की चपेट में आकर बह गए थे. हादसे के बाद बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीनों को बचाया नहीं जा सका. बाद में तीनों के शव बरामद कर लिए गए.
मृतकों की पहचान 22 साल की शोभा दास देवेंद्रनाथ, मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और 24 साल के विश्वा AK के रूप में हुई है. शोभा झारखंड की रहने वाली थीं. तीनों बेंगलुरु की कंपनी अलोरिका इकोपेस में काम करते थे. कंपनी का ऑफिस बेलंदूर में है.
जानकारी के मुताबिक, कंपनी के 16 कर्मचारियों की टीम शनिवार शाम गोकर्ण पहुंची थी. सभी एक निजी रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे, जो समुद्र तट के पास है. रविवार को टीम के पांच कर्मचारी डुब्बनशशि बीच पर समुद्र में उतरे थे. इसी दौरान अचानक तेज लहरें आईं और पांचों को किनारे से दूर बहाकर ले गईं. वे पानी में खुद को संभालने की कोशिश करने लगे.
दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया. इसमें लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरे भी शामिल हुए. उनकी मदद से पांच में से दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उनकी पहचान निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
वहीं, शोभा, अकरम और विश्वा को बचाया नहीं जा सका. काफी कोशिशों के बाद तीनों के शव बरामद किए गए. हादसे के बाद गोकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सगाय राज