बेंगलुरु डे-केयर में मासूमों से हैवानियत: बच्चों को वाशिंग मशीन में डाला, मुंह पर मारा टॉयलेट जेट - देखें 47 सेकंड का खौफनाक वीडियो

बेंगलुरु के HAL इलाके में कैपजैमिनी कंपनी के कैंपस में मौजूद डेकेयर सेंटर से बच्चों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. पांच महिला केयरटेकर्स के खिलाफ HAL पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि दो से तीन साल के बच्चों को डराने के लिए वाशिंग मशीन में बिठाया गया, वेस्टर्न टॉयलेट पर जबरदस्ती बिठाया गया, मुंह पर टॉयलेट स्प्रे से पानी छिड़का गया और बाथरूम में बंद किया गया.

Advertisement
बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी (Photo: ITG) बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी (Photo: ITG)

सगाय राज

  • बेंगलुरु, कर्नाटक,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:17 PM IST

बेंगलुरु के HAL इलाके में मौजूद कैपजैमिनी कंपनी के कैंपस के अंदर बने एक डेकेयर सेंटर से बच्चों के साथ बदसलूकी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस सेंटर में काम करने वाली पांच महिला केयरटेकर्स के खिलाफ HAL पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि इन महिलाओं ने दो से तीन साल तक की उम्र के छोटे बच्चों के साथ बुरा व्यवहार किया. 

Advertisement

यह पूरा मामला तब सामने आया जब इससे जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और कंपनी ने भी अपनी तरफ से बयान जारी करते हुए डेकेयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है.

HAL इलाके में स्थित कैपजैमिनी टेक्नोलॉजी सर्विसेज इंडिया लिमिटेड कंपनी के कैंपस में एक डेकेयर सेंटर चलता है. इस डेकेयर में कंपनी में काम करने वाले लोग अपने छोटे बच्चों को दिन भर के लिए छोड़ जाते थे ताकि वे बेफिक्र होकर अपनी ड्यूटी कर सकें. लेकिन अब इसी डेकेयर सेंटर से बच्चों के साथ बदसलूकी की शिकायतें सामने आई हैं.

मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. इन वीडियो में कथित तौर पर बच्चों के साथ हो रही ज्यादती दिखाई दे रही थी. इसके बाद HAL पुलिस थाने में पांच महिला केयरटेकर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में बड़ा हादसा: पत्थर की खदान में चट्टान गिरने से 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत

पुलिस के मुताबिक आरोप बेहद गंभीर हैं. कहा जा रहा है कि केयरटेकर छोटे बच्चों को डराने धमकाने के लिए उन्हें सामने से खुलने वाली वाशिंग मशीन के अंदर बिठा देती थीं. इसके अलावा बच्चों को जबरदस्ती वेस्टर्न टॉयलेट पर बिठाया जाता था. कुछ मामलों में बच्चों के मुंह पर टॉयलेट की जेट स्प्रे से सीधा पानी छिड़का गया. यही नहीं, बच्चों को चुप कराने के लिए उन्हें बाथरूम के अंदर बंद भी कर दिया जाता था.

जिन बच्चों के साथ यह सब हुआ बताया जा रहा है, उनकी उम्र सिर्फ दो से तीन साल के बीच है. यानी वे बच्चे इतने छोटे थे कि खुद अपनी शिकायत भी नहीं बता सकते थे. इनके माता पिता काम पर जाने के दौरान इन्हें भरोसे के साथ इसी डेकेयर में छोड़ जाते थे.

पुलिस में शिकायत के अलावा एक और शिकायत कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने आरोपी महिलाओं को नोटिस जारी कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

इस पूरे विवाद पर कर्नाटक पुलिस की तरफ से भी जानकारी दी गई कि एक आईटी कंपनी के कैंपस में बने डेकेयर सेंटर की पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, जिन पर कर्मचारियों के बच्चों के साथ मारपीट, डराने धमकाने और क्रूरता करने के आरोप हैं.

Advertisement

वहीं कंपनी की तरफ से भी बयान आया है. कंपनी ने कहा है कि उनके लिए कर्मचारियों और उनके परिवार की सेहत, सुरक्षा और भलाई सबसे पहली प्राथमिकता है. कंपनी ने यह भी कहा कि वे इस मामले में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके. साथ ही एहतियात के तौर पर बेंगलुरु के कैंपस में मौजूद डेकेयर सेंटर को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

फिलहाल यह मामला पुलिस जांच के दायरे में है और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर टिकी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »