New Zealand में 150 साल पहले गोल्ड रश हुआ था, जब हजारों लोग यहां सोना खोजने आए थे. अब इतने साल बाद भी यहां की कुछ नदियों में सोने के कण मिल रहे हैं. Morningside.nz वेबसाइट के अनुसार, हाल ही में साउथ आइलैंड की एक नदी में एक व्यक्ति को नदी की रेत से असली सोना मिला, जिसके बाद यह खबर फिर चर्चा में आ गई. यह घटना साउथ आइलैंड की Clutha River के पास की है. टिमारू शहर के 33 साल के एक व्यक्ति, जिसका नाम माइक था. वह छुट्टी के दिन शौक के तौर पर यहां सोना खोजने गया था.
ज्यादा नहीं, लेकिन असली सोना
वह अपने साथ सिर्फ कुछ साधारण उपकरण लेकर गया था, जैसे फावड़ा, एक खास बॉक्स (स्लूइस बॉक्स) और सोना छानने वाला पैन. उसने नदी के किनारे रेत को छानना शुरू किया और कुछ ही देर में उसे सोने के छोटे-छोटे कण मिल गए. माइक को करीब 2.7 ग्राम सोना मिला. मौजूदा कीमत के हिसाब से इसकी कीमत लगभग 250 न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 12–13 हजार रुपये) बताई गई. यह बहुत बड़ी रकम नहीं है, लेकिन खास बात यह है कि यह सोना उसे नदी की रेत से मिला.
1800 के दशक में यहां हुआ था गोल्ड रश
माइक ने बताया कि उसे उम्मीद नहीं थी कि इतनी आसानी से सोना मिल जाएगा. उसने कहा कि अगर आपको पता हो कि रेत में क्या देखना है, तो सोने के छोटे कण पहचानना मुश्किल नहीं होता. दरअसल, Clutha River को 1860 के दशक में सोने के बड़े स्रोतों में गिना जाता था. उस समय दुनिया के अलग-अलग देशों से लोग यहां सोना खोजने आए थे.हालांकि बड़े स्तर पर खनन कई साल पहले बंद हो गया, लेकिन पहाड़ों से बहकर आने वाले सोने के छोटे कण आज भी नदी की रेत में जमा हो जाते हैं.
आज भी लोग करते हैं ‘गोल्ड पैनिंग’
Doc.govt.nz वेबसाइट के अनुसार, न्यूजीलैंड में आज भी कई लोग शौक के तौर पर नदी में सोना खोजते हैं. इसे Gold Fossicking या Gold Panning कहा जाता है. इसमें लोग पैन, फावड़ा और स्लूइस बॉक्स जैसे साधारण उपकरणों से नदी की रेत छानते हैं. पिछले कुछ सालों में ऐसे लोगों की संख्या भी बढ़ी है. इसकी एक वजह सोने की बढ़ती कीमत और लोगों का आउटडोर गतिविधियों की तरफ बढ़ता रुझान भी माना जा रहा है.
कुछ जगहों पर बिना परमिट भी खोज सकते हैं सोना
Doc.govt.nz वेबसाइट के अनुसार, न्यूजीलैंड सरकार ने साउथ आइलैंड में करीब 18 ऐसी सार्वजनिक जगहें तय की हैं, जहां लोग बिना किसी परमिट के शौक के तौर पर सोना खोज सकते हैं. हालांकि इसके लिए कुछ नियम भी बनाए गए हैं. केवल तय इलाके में ही सोना खोजा जा सकता है. मोटर वाली मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. सिर्फ हाथ के औजार जैसे फावड़ा, पैन या स्लूइस बॉक्स ही इस्तेमाल किए जा सकते हैं. नदी और आसपास के पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाना होता है.
अभी भी छिपा हो सकता है सोना
भूवैज्ञानिकों का मानना है कि न्यूजीलैंड की कई नदियों और पुराने नदी किनारों में अभी भी थोड़ी मात्रा में सोना मौजूद है. खासकर उन जगहों पर जहां लोग कम जाते हैं या जहां की रेत लंबे समय से नहीं हटी है. इसी वजह से न्यूजीलैंड की कुछ नदियां आज भी सोना खोजने वालों के लिए रोमांच का केंद्र बनी हुई हैं.