उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. देहरादून के त्यूणी मार्ग पर पहाड़ी रास्ते का एक सुहाना सफर पलक झपकते ही मौत के सफर में बदल गया. यह पूरी घटना कार के अंदर लगे डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई, जिसका 22 सेकंड का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी और उसमें गाने बज रहे थे. एक तीखे मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा. कार सड़क किनारे लगे पोल से टकराई और सीधे 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी.