त्योहारों पर खुली मिठाइयों के लिए नया नियम, उत्तराखंड में अब ट्रे पर लिखनी होगी एक्सपायरी डेट

उत्तराखंड में खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की ताजगी की जानकारी देना अनिवार्य होगा. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दुकानदारों को हर मिठाई की ट्रे या काउंटर पर निर्माण और इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखने का निर्देश दिया है.

Advertisement
खुली मिठाइयों की ट्रे पर एक्सपायरी डेट लिखना होगा. (Photo- Representational) खुली मिठाइयों की ट्रे पर एक्सपायरी डेट लिखना होगा. (Photo- Representational)

अंकित शर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:16 PM IST

उत्तराखंड में अब मिठाई की दुकानों पर खुली मिठाइयां खरीदने वाले ग्राहकों को उनकी ताजगी की जानकारी मिल सकेगी. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 26 अक्टूबर से प्रदेश की सभी मिठाई की दुकानों में खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की निर्माण तिथि और एक्सपायरी या 'यूज बाय' डेट प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया है. इसके लिए FDA आयुक्त विनय शंकर पांडेय की तरफ से आदेश जारी किया गया है.

Advertisement

नए नियम के तहत दुकानदारों को मिठाई की ट्रे या काउंटर पर संबंधित उत्पाद के बनने की तारीख और उसके इस्तेमाल की आखिरी तारीख साफ-साफ लिखनी होगी. इससे ग्राहक मिठाई खरीदते समय यह जान सकेंगे कि वह कब बनी थी और उसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र FDA का बड़ा एक्शन, अनपैक्ड मसालों की बिक्री पर रोक, इथिलीन ऑक्साइड बैन

अब खुली मिठाइयों की ताजगी पर रहेगी नजर

अभी तक निर्माण और एक्सपायरी डेट दिखाने की अनिवार्यता मुख्य रूप से पैक्ड मिठाइयों पर लागू थी. खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि खुली मिठाइयां खरीदने वाले ग्राहकों को उनकी ताजगी और इस्तेमाल की समय-सीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती थी.

खाद्य पदार्थों की प्रकृति के हिसाब से उनके इस्तेमाल की सुरक्षित अवधि अलग-अलग होती है. कुछ मिठाइयां केवल एक दिन तक इस्तेमाल के योग्य रहती हैं, जबकि कुछ की अवधि 30 दिन तक हो सकती है. ऐसे में नई व्यवस्था के तहत तारीख प्रदर्शित होने से ग्राहकों को मिठाइयों की ताजगी के बारे में जानकारी मिलेगी और वे सोच-समझकर खरीदारी कर सकेंगे.

Advertisement

खाद्य सुरक्षा कानून के तहत जारी हुआ आदेश

FDA ने यह व्यवस्था खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 18(1)(a) और 30(2)(d) के तहत लागू की है. इसका मकसद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है.

यह भी पढ़ें: केमिकल से पकाए जा रहे थे फल, महाराष्ट्र FDA ने 1400 किलो केले किए जब्त

त्योहारों और शादी के सीजन में बढ़ेगी अहमियत

आगामी त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है. इस दौरान दुकानों में बड़ी मात्रा में मिठाइयां बनाकर रखी जाती हैं. ऐसे में निर्माण और इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखने का नियम ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है. हालांकि, इस व्यवस्था का असर इस बात पर भी निर्भर करेगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानों में नियम का पालन कितनी प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »