'मेरे जेल जाने से पत्नी को खुशी है तो यही सही...' गिरफ्तारी के बाद बोले मंत्री रेखा आर्य के पति

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को देहरादून पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार किया है. उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ को बरेली से पकड़ा गया है. एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल के मुताबिक, पप्पू गिरधारी पर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं.

Advertisement
उत्तराखंड की कैबिनेट मंंत्री रेखा आर्य और उनके पति. (Photo: ITG) उत्तराखंड की कैबिनेट मंंत्री रेखा आर्य और उनके पति. (Photo: ITG)

अंकित शर्मा

  • देहरादून,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:44 PM IST

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से दबोचा है. वहीं, उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ को बरेली से गिरफ्तार किया गया है. देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, पप्पू गिरधारी के खिलाफ अब तक 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद मंत्री के पति ने कहा कि यदि मेरे जेल जाने से मेरी मंत्री पत्नी को ख़ुशी मिल रही है तो यही सही है.  मैं निर्दोष हूं. 

Advertisement

पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब वह पत्नी और उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर थे. उनकी तलाश में देहरादून पुलिस की एसआईटी लगातार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट भी हासिल किया था.

रेखा आर्य ने पति के खिलाफ दर्ज कराई थी FIR
दरअसल, उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने पति पर उत्पीड़न, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी गठित की थी.

Advertisement

मुकदमा दर्ज होने के बाद पप्पू गिरधारी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया था. उनकी अग्रिम जमानत याचिका अदालत से खारिज हो गई थी. इसके बाद 4 नवंबर को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका भी खारिज कर दी थी.

रेखा आर्य पर भी लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
इस पूरे विवाद के बीच पप्पू गिरधारी ने भी अपनी पत्नी रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. दोनों के बीच विवाद सार्वजनिक होने के बाद मामला राजनीतिक और कानूनी चर्चा में आ गया था. अब देहरादून पुलिस ने झांसी और बरेली में कार्रवाई करते हुए पति और भतीजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, पप्पू गिरधारी पर दर्ज 40 से ज्यादा मुकदमे भी जांच के दायरे में हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »