नैनीताल में होमस्टे मालिक की बेटी से छेड़छाड़, दो पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

नैनीताल में एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़छाड़ के मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे और उन्होंने उनकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचाया और विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है.

Advertisement
बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे. Photo ITG बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे. Photo ITG

aajtak.in

  • नैनीताल,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:34 PM IST

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़छाड़ के मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया, जिन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता की शिकायत पर उधम सिंह नगर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) जितेंद्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

Advertisement

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शनिवार रात पीड़िता अपनी बहन के साथ एक रिश्तेदार के यहां से लौट रही थी. इसी दौरान पास के एक होमस्टे में ठहरे दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की.

पीड़िता के पिता का आरोप है कि घटना के समय दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया. इसके बाद उन्हें नजदीकी पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

बताया गया है कि दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई थी.

विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय उन्होंने शराब का सेवन किया था या नहीं.

Advertisement

भवाली थाना प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »