कार की टक्कर से काम पर जा रही युवती की मौत, रुड़की में दर्दनाक हादसे का वीडियो CCTV में कैद

उत्तराखंड के रुड़की में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में काम पर जा रही युवती की मौत हो गई. जादूगर रोड के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह कार के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपी वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Advertisement
हादसे में युवती की मौके पर मौत हादसे में युवती की मौके पर मौत

अंकित शर्मा

  • रुड़की ,
  • 30 जून 2025,
  • अपडेटेड 5:39 PM IST

उत्तराखंड के रुड़की में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई जिसमें एक युवती की जान चली गई. हादसा उस समय हुआ जब एक युवती रोजाना की तरह काम पर जा रही थी. घटना रुड़की कोतवाली क्षेत्र के जादूगर रोड के पास हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती सड़क किनारे पैदल चल रही थी, तभी एक कार ने नियंत्रण खोते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सीधे कार के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

Advertisement

इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती आराम से अपने रास्ते पर जा रही थी, तभी सामने से आ रही कार ने उसे रौंद दिया. इस दर्दनाक दृश्य ने सोशल मीडिया पर भी सनसनी मचा दी है और लोग वाहन चालक की लापरवाही पर गुस्सा जता रहे हैं.

आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं, कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा.

जादूगर रोड पर पहले भी हुए हैं हादसे

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि जादूगर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का चलना आम बात हो गई है और इस पर अब प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. वहीं, मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और वो न्याय की मांग कर रहे हैं.

Advertisement


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »