उत्तर प्रदेश में महराजगंज की नौतनवा सीट से विधायक अमनमणि त्रिपाठी मंगलवार को दोबारा परिणय सूत्र में बंध गए. इसके पहले उनकी शादी सारा सिंह से हुई थी जिनकी रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी. उस घटना की सीबीआई जांच भी हुई. अमनमणि त्रिपाठी अमरमणि त्रिपाठी के बेटे हैं. अमनमणि त्रिपाठी निर्दलीय विधायक हैं.
मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्वांचल के बाहुबली के बेटे और निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी अभी हाल ही में एक बार फिर विवादों के घेरे में आए थे. उस वक्त लॉकडाउन के बीच वे 11 लोगों के काफिले के साथ देहरादून से बद्रीनाथ और केदारनाथ जा रहे थे. रास्ते में चमोली बॉर्डर पर उन्हें रोक लिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें यूपी बार्डर पर लाकर छोड़ दिया गया था.
अमनमणि समेत 7 लोगों को बिजनौर में गिरफ्तार किया गया था. उन पर लॉकडाउन के उल्लंघन में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी. यूपी के महाराजगंज की नौतनवा सीट से विधायक अमनमणि लॉकडाउन के बीच पहाड़ों की सैर करने के लिए निकले थे.
अपने पिता अमरमणि त्रिपाठी के नक्शेकदम पर चल रहे हैं. अमनमणि के पिता अमरमणि और मां मधुमणि इस समय जेल में हैं. लखनऊ की एक लेखिका मधुमिता शुक्ला की हत्या का उन पर आरोप है. ऐसे ही अमनमणि पर भी अपनी पत्नी सारा सिंह की हत्या का भी आरोप है. 2017 का चुनाव उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जेल में रहकर ही लड़ा था जिसमें वह जीत गए. हालांकि, यूपी में योगी सरकार के बनने के बाद से वे लगातार बीजेपी में शामिल होने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक बात नहीं बनी है.
कुमार अभिषेक