तेलंगाना के यादाद्री-भुवनगिरि जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने ₹1.10 लाख की नई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पूरी रकम सिर्फ ₹10 के सिक्कों में चुकाई. इस अनोखे लेनदेन ने इलाके के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और अब यह घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है.
जानकारी के अनुसार, चित्याला मंडल के वेलिमिनेडु गांव निवासी कोंडे रघुपति ने चित्याला स्थित श्री विनायक मोटर्स से एक नई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल खरीदी. बाइक की कीमत करीब ₹1.10 लाख थी. खास बात यह रही कि रघुपति ने पूरी रकम ₹10 के सिक्कों में अदा की.
हजारों सिक्के गिनने में जुटा रहा शोरूम स्टाफ
जब रघुपति सिक्कों से भरे बैग लेकर शोरूम पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारी भी हैरान रह गए. हालांकि, शोरूम ने इस भुगतान को स्वीकार किया और कर्मचारियों ने धैर्य के साथ हजारों ₹10 के सिक्के गिनना शुरू किया. काफी समय तक सिक्कों की गिनती चलती रही. पूरी रकम की पुष्टि होने के बाद शोरूम ने उन्हें नई बाइक की डिलीवरी दे दी. इस अनोखे भुगतान को देखने के लिए आसपास के लोग भी शोरूम पहुंच गए. बड़ी संख्या में लोग इस अलग अंदाज में हुई खरीदारी को देखने लगे. देखते ही देखते यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई.
पूरी रकम मिलने के बाद मिली बाइक की डिलीवरी
बाद में इस अनोखे लेनदेन की तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रघुपति की बचत करने की आदत की सराहना की. वहीं, कई लोगों ने शोरूम की भी तारीफ की, जिसने बिना किसी हिचकिचाहट के ₹10 के सिक्कों को वैध मुद्रा मानते हुए भुगतान स्वीकार किया. यह अनोखी खरीदारी अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
अब्दुल बशीर