देवगिरी एक्सप्रेस में मिला 1.22 करोड़ रुपये से भरा बैग, 5 हजार के लिए शख्स कर रहा था करोड़ों की डिलीवरी

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में जीआरपी ने बड़ा एक्शन लेते हुए 1.22 करोड़ रुपये कैश जब्त किए हैं. यह कैश मुंबई से ट्रेन के जरिए लाया जा रहा था. इस मामले में महाराष्ट्र के अमरावती के रहने वाले 40 साल के एक व्यक्ति को पकड़ा गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन से कैश लेकर मुंबई से सिकंदराबाद पहुंचा था. यह रकम हवाला से जुड़ी है.

Advertisement
ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हवाला नेटवर्क के लिए काम कर रहा था आरोपी. (Photo: Representational) ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हवाला नेटवर्क के लिए काम कर रहा था आरोपी. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • हैदराबाद,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:56 AM IST

मुंबई से हैदराबाद जा रही देवगिरी एक्सप्रेस में एक ऐसा यात्री सफर कर रहा था, जिसके बैग में कपड़े नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये भरे थे. लेकिन हैदराबाद पहुंचने से पहले ही सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की नजर उस पर पड़ गई. पूछताछ हुई तो पूरा मामला हवाला कारोबार से जुड़ा निकला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये कैश बरामद किए हैं.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, यह मामला मंगलवार का है. सिकंदराबाद रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक 40 साल का व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैग लेकर जाता दिखा. पुलिस को उसकी हरकतें अजीब लगीं तो उसे रोककर पूछताछ शुरू की गई.

पूछताछ में पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक ज्वेलरी कारोबारी ने उसे ये कैश सौंपा था. उसका काम सिर्फ इतना था कि देवगिरी एक्सप्रेस से सिकंदराबाद पहुंचे और वहां मोंडा मार्केट इलाके में मौजूद एक ज्वेलरी कारोबारी को रकम दे दे. करोड़ों रुपये पहुंचाने के बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने वाले थे.

यह भी पढ़ें: ड्रोन इंपोर्ट घूसकांड में CBI का बड़ा एक्शन... DGCA अधिकारी समेत 2 गिरफ्तार, 37 लाख कैश बरामद

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैश से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया. ना कैश का हिसाब, ना कोई बिल और ना ही कैश के सोर्स को लेकर संतोषजनक जवाब. इसके बाद पूरी रकम जब्त कर ली गई. शुरुआती जांच में मामला हवाला कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है.

अब पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर मुंबई और हैदराबाद के बीच ये हवाला नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर काम कर रहा था. ज्वेलरी कारोबार की आड़ में करोड़ों रुपये इधर से उधर भेजे जा रहे थे या नहीं, इसकी भी जांच हो रही है.

रेलवे पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में ट्रेनों के जरिए हवाला और अवैध कैश ट्रांसपोर्ट के मामले बढ़े हैं. यही वजह है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »