PM मोदी से मिले कुमारस्वामी, कर्नाटक के मुद्दों पर हुई चर्चा

कर्नाटक में कैबिनटे विस्तार के बाद यह मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का पहला दिल्ली दौरा है, लेकिन इस दौरान कुमारस्वामी सिर्फ केंद्र के मंत्रियों और प्रधानमंत्री से मिले. जबकि राज्य में गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस के नेताओं से उनकी मुलाकात नहीं हुई.

Advertisement
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-Twitter/@PMOIndia) कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-Twitter/@PMOIndia)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 दिसंबर 2018,
  • अपडेटेड 6:54 PM IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने दिल्ली में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने ने सूखा राहत फंड पर चर्चा की. इससे पहले उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और कोयला मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी. अपने इस दिल्ली दौरे के दौरान कुमारस्वामी ने राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्र से सहयोग के लिए बातचीत की.

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत राज्यों के लिए क्षतिपूर्ति अवधि 2025 तक बढ़ाने की मांग की. इस सिलसिले में उन्होंने दलील देते हुए कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद राज्य का राजस्व घाटा बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है. बता दें कि सभी राज्य जीएसटी लागू होने के पांच साल के लिए क्षतिपूर्ति के हकदार हैं, इस लिहाज से राजस्व क्षतिपूर्ति की व्यवस्था 2022 तक ही लागू है.

वहीं रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने रायचुर थर्मल पावर स्टेशन, बेल्लारी थर्मल पावर स्टेशन और यरमारस थर्मल पावर स्टेशन के लिए तत्काल कोयला आपूर्ति किए जाने की मांग की. बता दें कि इन सभी थर्मल पावर स्टेशनों में पिछले कुछ समय से कोयले की कमी है. इसके साथ ही कुमारस्वामी ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बीदर से नांदेड़ की नई रेल लाइन के निर्माण पर भी चर्चा की.

Advertisement

गौरतलब है कि बीदर, हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र का बेहद पिछड़ा जिला है और यह सिख तीर्थ होने के नाते नांदेड़ तीर्थ सर्किट का हिस्सा है. हाल में 154 किलोमीटर की नई रेल लाइन की सर्वे रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपी है. मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट को जल्द शुरू किए जाने का आग्रह किया.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »