लूथरा भाइयों को भारत लाने में लगेगा वक्त, पासपोर्ट रद्द होने की वजह से आई रुकावट, अब बैंकॉक लेकर जाएगी पुलिस

गोवा के रोमियो लेन नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा को भारत लाने में देरी होगी. दोनों के पासपोर्ट रद्द किए जा चुके हैं और अब बैंकॉक में इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया पूरी होगी. सरकारी छुट्टियों के चलते समय और बढ़ सकता है. दोनों को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में लिया गया है.

Advertisement
गौरव और सौरभ लूथरा फुकेट से गिरफ्तार (Photo: India Today) गौरव और सौरभ लूथरा फुकेट से गिरफ्तार (Photo: India Today)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली ,
  • 11 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 9:25 PM IST

गोवा के रोमियो लेन नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा की भारत वापसी में अभी समय लग सकता है. दोनों बंधुओं को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में लिया गया है, लेकिन भारत लाने की प्रक्रिया तुरंत संभव नहीं है. सूत्रों के अनुसार देरी की सबसे बड़ी वजह उनका पासपोर्ट रद्द होना है.

जानकारी के मुताबिक लूथरा बंधुओं का पासपोर्ट रद्द किए जाने के बाद अब उनके नाम पर इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा. यह सर्टिफिकेट केवल भारतीय एंबेसी ही जारी करती है. पासपोर्ट रद्द होने के चलते दोनों को अब बैंकॉक ले जाया जाएगा जहां इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा. इसके बाद ही उनकी भारत वापसी संभव होगी.

Advertisement

नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा

सूत्रों ने बताया कि अगर शुक्रवार तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है तो शनिवार और रविवार सरकारी छुट्टियों के कारण काम रुक जाएगा और वापसी में और देरी हो सकती है. उधर भारत में कानूनी प्रक्रिया भी जारी है. बुधवार को लूथरा बंधुओं ने दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन अदालत ने उन्हें कोई राहत नहीं दी.

लूथरा बंधुओं ने दिल्ली की अदालत में लगाई थी अग्रिम जमानत

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने इस मामले में गोवा सरकार से जवाब मांगा है और सुनवाई की नई तारीख गुरुवार तय की गई है. सौरभ और गौरव लूथरा गोवा के उस नाइट क्लब के मालिक हैं जहां हाल ही में आग लगने की घटना में कई लोगों की जान गई थी. घटना के बाद से दोनों फरार थे और बाद में थाईलैंड में पकड़े गए. प्रशासन दोनों की भारत वापसी को लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ा रहा है, हालांकि औपचारिकताओं के कारण इसमें कुछ और दिन लग सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »