पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. मोहाली निवासी एक दंपति अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर नहर में कूद गया. हादसे में दंपति को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, लेकिन तेज बहाव में बह जाने से तीनों बच्चों की मौत हो गई.
घटना राजपुरा के पास मंडोली पुल से करीब एक किलोमीटर आगे की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार परिवार ने नहर में छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दंपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
यह भी पढ़ें: पटियाला में मेडिकल छात्र की हत्या, बदमाशों ने पीजी में घुसकर चाकुओं से गोद डाला
हालांकि, नहर का बहाव तेज होने के कारण दो लड़कियां और एक लड़का पानी में बह गए. सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया.
गोताखोरों ने बरामद किए बच्चों के शव
काफी तलाश के बाद गोताखोरों ने तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए. मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय एकम, 12 वर्षीय राजवीर और 14 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है. बताया गया है कि परिवार मोहाली जिले के लांडरां के पास स्थित मोजपुर गांव का रहने वाला है.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजपुरा के सिविल अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
aajtak.in