काला संघिया में बीतें कुछ दिनों से रात के समय भैंस चोरी होने का सिलसिला लगातार जारी है. इसी बीच चोर बीती रात एक खूह से भैंसा (झोटा) चोरी कर ले गए. सुबह जब मालिक कमलजीत सिंह को इसकी जानकारी लगी तो उसने भैंसा चोरी होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई. इसके अलावा उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपने राजा (झोटे का नाम) को ढूंढने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया. जिसके चलते पोस्ट काफी वायरल हो रही है.
दरअसल, काला संघिया स्थित बीती रात खूह पर रखे पशुओं में से राजा नाम के झोटे (भैंसा) को चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया. भैंसे के मालिक कमलजीत सिंह ने बताया कि वह पंजाब के गांवों में होने वाली हल्ट दौड़ में काफी मशहूर हो चुका था. वह पिछले 10 वर्षों से हाल्ट दौड में लगातार विजेता रहा है. बीती रात उसे खूह से चोर चोरी कर ले गए. उसे ढूंढने की काफी कोशिश की लेकिन सारी कोशिशें व्यर्थ रह गईं. कमलजीत सिंह ने कहा कि उसने अपने भैंसे का पालन पोषण बच्चों की तरह किया था.
डेढ वर्ष का था राजा, तब से हाल्ट दौड़ में ले रहा था भाग
राजा के मालिक कमलजीत सिंह ने बताया कि डेढ़ वर्ष होते ही उसे हाल्ट दौड़ प्रतियोगिता में डाल दिया गया था. जब वह प्रतियोगिता में उतरता था तो उसके कद काठ को देखकर लोग हैरान हो जाते थे. अब वह 19 वर्ष का हो गया था. उसने पंजाब के कई गांवों में हाल्ट दौड़ में अपना प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया हुआ है. खुराक में उसे देसी घी व दूध दिया जाता था. उसकी कीमत 35 लाख रुपए के करीब आंकी जा चुकी है. वह उसे अपनी जान से भी ज्यादा इसका ख्याल रखते थे. कभी भी उसे बेचने का ख्याल नहीं आया.
अगले वर्ष हो जाता रिटायर्ड
राजा को अगले वर्ष काला संघिया में होने वाली हाल्ट दौड़ के दौरान रिटायर्ड करना था. यह कहते हुए मालिक की आंखों में आंसू आ गए. राजा के मालिक ने कहा कि उसे पगड़ी बांध कर सम्मानजनक हाल्ट दौड़ से रिटायर्ड कर देना था. इतने लंबे वर्ष उसने पंजाब में अपनी पहचान के साथ- साथ हमारी भी पहचान बना दी थी. लेकिन चोरों ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया.
सुकेत गुप्ता