अक्सर पंजाब में कर्ज के बोझ या गंभीर बीमारियों के कारण लोगों द्वारा अपने घर और जमीन-जायदाद बेचने के मामले सामने आते रहे हैं. लेकिन अब पंजाब के जिला फरीदकोट के कोटकपूरा शहर से एक हैरान कर देने वाला और चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां लोगों ने अपने घरों के बाहर "मकान बिकाऊ है" के पोस्ट लगा दिए हैं. लोगों ने ऐसा इसलिए किया है, क्योंकि इलाके में खुलेआम बिक रहे चिट्टे के कारण जीना मुहाल हो गया है. हालांकि पुलिस ने उक्त आरोपों को नकारते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा लड़ाई के चलते ऐसा पोस्टर लगाया गया है.
राम बस्ती के लोगों ने लगाया था पोस्टर
जानकारी के अनुसार फरीदकोट के कोटकपूरा स्थित वार्ड नंबर 17 की राम बस्ती में लोगों द्वारा अपने घरों के बाहर फ्लैक्स व पोस्टर लगा दिए हैं. जिन पर लिखा है कि 'एह घर विकाऊ है, क्योंकि मोहल्ले में नशा तस्करों कें खिलाफ पुलिस की तरफ से कार्रवाई न होने पर लोगों ने यह अनोखा रास्ता अपनाया. इस बस्ती में करीब 40 से 50 घर हैं. इन पोस्टरों पर घर के मालिक का नाम भी लिखा गया है.
उक्त मोहल्ले में लगभग 40-50 घर हैं. जिनमें से लगभग 20 घरों द्वारा यह पोस्टर लगाए गए हैं. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सभी के घर बिकाऊ हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार सरेआम चल रहा है, जिसके कारण उनके बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ गया है. नशे के इस माहौल से परेशान होकर कई परिवार अब अपने घर बेचकर यह इलाका छोड़ने का मन बना चुके हैं.
इलाके के लोगों ने इलाके के ही दो भाइयों पर नशे के कारोबार का आरोप लगाया है और उन दोनों भाइयों पर पहले भी एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज है. मगर पुलिस इस मामले को पुराने झगड़ा से जोड़ रही है. पुलिस का यह कहना है कि दो लोगों में पुरानी रंजिश है. जिसकी शिकायत भी पुलिस में आई हुई है.
इस संबंध में बात करते हुए मोहल्ला निवासी सुक्खा सिंह, मनीष पाठक, वीना आदि ने बताया कि मोहल्ले में कथित तौर पर दो भाई पिछले काफी समय से चिट्टे का कारोबार कर रहे हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि उन पर पहले एनडीपीएस के मामले में भी दर्ज हैं और उनका विरोध करने पर उनके द्वारा मोहल्ला वासियों को धमकियां भी दी जाती हैं और इसी कारण पिछले दिनों उनके द्वारा लड़ाई भी की गई.
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. जिसके कारण मोहल्लावासी लंबे समय से परेशान हैं. इसी कारण जो यहां पिछले 20-30 वर्षों से रह रहे हैं और बड़ी मेहनत से अपने घर बनाए हैं. बावजूद वे आधे दाम में भी अपने घर बेच कर जाने को तैयार हैं. ताकि उनके बच्चे और उनकी आने वाली पीढी नशे से दूर रहे सके.
मामले में डीएसपी ने क्या कहा?
मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार का कहना है कि उक्त मामला दो पक्षों की लड़ाई का है. जिसमें एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष जो दो भाई हैं, उनके खिलाफ गंभीर धाराएं लगाने की मांग कर रहा है. लेकिन पुलिस द्वारा नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई तो अब उनके द्वारा इस मामले को गलत रंग दिया जा रहा है. हालांकि पुलिस जांच जारी है और आगे नशे को लेकर कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी.
प्रेम पासी