बिहार की बांकीपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव सुर्खियों में है. विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद सोमवार को वीणा मानवी को गिरफ्तार कर लिया गया. अपनी गिरफ्तारी को लेकर जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं उनकी गिरफ्तारी पर तेज प्रताप भी भड़क गए हैं. उन्होंने इस कार्रवाई को गलत बताया है.
वीणा मानवी ने कहा कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है. उनका आरोप है कि उन्हें चुनावी मैदान से हटाने और दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने इसे भाजपा की "ओछी राजनीति" करार देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.
तेज प्रताप ने जताई आपत्ति
वीणा मानवी की गिरफ्तारी को लेकर तेज प्रताप ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि 'महिला के साथ जब अत्याचार होता है तब श्रीकृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है.' उन्होंने भी इस कार्रवाई को दुर्भावना से प्रेरित बताया है.
बता दें कि, उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की अगुवाई वाली जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया है. वीणा मानवी ने नामांकन के आखिरी दिन यानी 13 जुलाई को बांकीपुर से पर्चा भरा था.उनके नामांकन के दौरान पटना समाहरणालय में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. पटना पुलिस ने नामांकन के तुरंत बाद वीणा मानवी को गिरफ्तार कर लिया है.
जरूरत पड़ने पर कोर्ट भी जाएंगेः तेज प्रताप
इसी गिरफ्तारी के विरोध में तेज प्रताप यादव ने हमला बोला है. तेज प्रताप यादव ने X पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'हमारी पार्टी की प्रत्याशी वीणा मानवी जी के विरुद्ध नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर हमें गंभीर आपत्ति है. हमारा मानना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने और उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है. यदि ऐसा हुआ है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक है.
मैं, तेज प्रताप यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जनशक्ति जनता दल, वीणा मानवी जी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं. हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है, और आवश्यकता पड़ने पर हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाज़ा भी खटखटाएंगे. बांकीपुर विधानसभा की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है। हमें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी.'
aajtak.in