गले में डाली माला, पीठ थपथपाई... जब BJP अध्यक्ष नितिन नवीन को पीएम मोदी ने दिया धमाकेदार जीत का क्रेडिट

नरेंद्र मोदी ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और इस जीत को ऐतिहासिक बताया. इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को इस जीत का क्रेडिट दिया.

Advertisement
PM मोदी ने नितिन नवीन को माला पहनाकर जीत की बधाई दी (Photo- ITG) PM मोदी ने नितिन नवीन को माला पहनाकर जीत की बधाई दी (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:26 PM IST

बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद सोमवार शाम को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाया गया. प्रधानमंत्री मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. 

इस दौरान एक खास अंदाज चर्चा का केंद्र बन गया, जब प्रधानमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को गले में माला पहनाकर और पीठ थपथपाकर जीत की बधाई दी. दरअसल, पार्टी की तरफ से पीएम मोदी के स्वागत के लिए माला का इंतजाम किया गया था. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन जैसे ही प्रधानमंत्री को माला पहनाने के लिए आगे बढ़े, पीएम ने माला लेकर उनको ही पहना दी. 

Advertisement

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से अपने संबोधन में बीजेपी की इस जीत का क्रेडिट पार्टी अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे. इन चुनावों में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला, वो मार्गदर्शन इस विजय में बहुमूल्य रहा है.

बता दें कि इसी साल नितिन नवीन को निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. उन्होंने 20 जनवरी 2026 को बीजेपी मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार संभाला. इससे पहले 14 दिसंबर 2025 में, बीजेपी संसदीय बोर्ड ने जेपी नड्डा की जगह नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था. वह 45 साल की उम्र में पार्टी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने हैं.

Advertisement

आज का ये दिन ऐतिहासिक है: PM मोदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं. एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है. ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है. ये भरोसे का दिन है. भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर.'

उन्होंने कहा, 'मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुडुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं. मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं. भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है. आपने नया इतिहास रच दिया है.'

सुनेत्रा पवार को भी दी बधाई

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज विभिन्न उप चुनावों के परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं. महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में जो उप चुनाव हुए, उनमें हमारे उम्मीदवारों को जनता-जनार्दन ने आशीर्वाद दिया और इन राज्यों में भी जीत गए. NDA की नेता और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार जी ने भी बड़ी जीत दर्ज की है. मैं इन सभी राज्यों की जनता का, उनके समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement