लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से ही शिथिल नजर आया विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक फिर से एक्टिव मोड में आ गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की मीटिंग का मंच सज चुका है. इस मौके पर गठबंधन में शामिल 23 पार्टियों के नेता शामिल हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ मीटिंग में मौजूद हैं.
कयास लगाए जा रहे थे कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय यानी थलपति विजय की अगुवाई वाली टीवीके के प्रतिनिधि भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं. ऐसा माना जा रहा था कि इंडिया ब्लॉक से डीएमके की एग्जिट के बाद टीवीके इस बैठक के जरिये आधिकारिक तौर पर इंडिया ब्लॉक में एंट्री कर सकती है. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. इसे लेकर कांग्रेस ने अब स्थिति स्पष्ट कर दी है.
कांग्रेस ने कहा है कि इस बैठक के लिए केवल उन्हीं दलों को न्योता दिया गया है, जिनका संसद में प्रतिनिधित्व है. ऐसे दलों को इस बार की बैठक के लिए न्योता नहीं दिया गया है, जिनके एक भी सांसद नहीं हैं. थलपति विजय की अगुवाई वाली टीवीके भी संसद में प्रतिनिधित्व के पैमाने पर फिट नहीं बैठती, इसलिए इस दल को इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में बुलाया ही नहीं गया.
यह भी पढ़ें: दो साल बाद मुलाकात, हार पर हार... आज की बैठक में क्या है INDIA ब्लॉक का एजेंडा?
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े उद्धव ठाकरे
इंडिया ब्लॉक की इस बैठक में शिवसेना (यूबीटी) की ओर से पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़े हैं. वहीं, महाराष्ट्र से ही इंडिया ब्लॉक के एक अन्य घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) से सुप्रिया सुले बैठक में मौजूद हैं. इंडिया ब्लॉक की इस मीटिंग में मौजूद नेताओं की लिस्ट भी सामने आ गई है.
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी से गले मिलीं ममता बनर्जी, राहुल गांधी के पास बैठे अखिलेश... INDIA ब्लॉक मीटिंग में ऐसा दिखा नजारा
मीटिंग में किस पार्टी से कौन होगा
इंडिया ब्लॉक की इस मीटिंग में तृणमूल कांग्रेस से पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी के साथ ही राज्यसभा में पार्टी के नेता डेरेक ओ'ब्रायन भी मौजूद हैं. सपा से अखिलेश यादव, CPM से जॉन ब्रिटास, CPI से डी राजा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से पीके कुंजलिकुट्टी, केरल कांग्रेस से जोस के मणि, आरएसपी से एनके प्रेमचंद्रन, वीसीके से टी थिरुमावलन, एमडीएमके की ओर से वाइको, आरजेडी से तेजस्वी यादव बैठक में मौजूद हैं.
प्रमोद माधव / नागार्जुन