फ्लाई दुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार को लेकर देश में राजनीति गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं. बीजेपी का कहना है कि जो कांग्रेस नेता गजा के मुद्दे पर लगातार आंसू बहाते हैं, वे आज देश के उस जांबाज पायलट पर पूरी तरह से मौन क्यों हैं, जिसकी बहादुरी को पूरी दुनिया सलाम कर रही है. दुनिया भर में उन्हें एक नायक यानी हीरो के रूप में देखा जा रहा है और उनकी सुरक्षा के लिए हर तरफ प्रार्थनाएं की जा रही हैं. इस मामले में कांग्रेस की चुप्पी को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर नजर आ रही है. बीजेपी नेताओं ने पूछा है कि आखिर राहुल गांधी ने स्मित की बहादुरी के सम्मान में दो शब्द भी क्यों नहीं कहे.