प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है. वे देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस खास मुकाम पर पहुंचने के बाद उनके नेतृत्व को देश-विदेश से बधाई मिल रही है. दुनिया भर के कई देशों के बड़े नेताओं ने उनके विजन को बेहद प्रेरणादायक बताया है. खास तौर पर ग्लोबल साउथ के देशों के लिए उनकी नीतियों को महत्वपूर्ण माना है.
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने क्या कहा
पड़ोसी देश श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने एक विशेष चिट्ठी भेजकर अपनी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा कि यह ऐतिहासिक मुकाम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा पीएम मोदी के नेतृत्व पर बार-बार जताए गए अटूट भरोसे का प्रमाण है. श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने भारत में हुए सामाजिक और आर्थिक सुधारों की सराहना की. गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में अपनी श्रीलंका यात्रा के दौरान पीएम मोदी को वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'मित्र विभूषण' से नवाजा गया था. भारत ने साल 2022 के भीषण आर्थिक संकट के समय भी श्रीलंका की आगे बढ़कर मदद की थी.
पापुआ न्यू गिनी के पीएम क्या कहा
प्रशांत महासागरीय देश पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने पीएम मोदी के लिए एक खास वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने नरेंद्र मोदी को दुनिया के लिए एक महान 'रोल मॉडल' तथा बेहतरीन लीडरशिप का सच्चा उदाहरण बताया. मारापे के मुताबिक, भारत में 20 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर एक अच्छा जीवन देना बेहद चमत्कारी उपलब्धि है. मई 2023 में पीएम मोदी ने पापुआ न्यू गिनी का ऐतिहासिक दौरा किया था, जिसने दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को एक बिल्कुल नई मजबूती दी.
त्रिनिदाद और टोबैगो ने क्या कहा
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी इस ऐतिहासिक अवसर पर पीएम मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि मोदी की अगुवाई में भारत वैश्विक मंचों पर एक बेहद मजबूत ताकतवर आवाज बनकर उभरा है. एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर 140 करोड़ आबादी वाले विशाल देश का लगातार तीन कार्यकाल तक नेतृत्व करना बेहद गौरवशाली सफर है. जुलाई 2025 में पीएम मोदी ने त्रिनिदाद का दौरा किया था, जो पिछले 26 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी. विश्व के इन तमाम बड़े नेताओं का संदेश साफ दिखाता है कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की साख कितनी मजबूत हो चुकी है.
अमेरिकी सीनेटरों क्या कहा
अमेरिका के दो प्रमुख सीनेटरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. सीनेटर जॉन कॉर्निन ने अपने संदेश में कहा कि पीएम मोदी का यह कार्यकाल 4,399 दिनों का है, जो 1.4 अरब लोगों के भरोसे और तीन लोकतांत्रिक जनादेशों के आधार पर हासिल हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाने जैसे बदलाव हुए हैं. कॉर्निन ने भारत-अमेरिका साझेदारी को अब तक का सबसे मजबूत बताया.
वहीं सीनेटर बिल हेगर्टी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत-अमेरिका संबंध एक व्यापक, वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी के रूप में और मजबूत हुए हैं. उन्होंने मोदी के लंबे कार्यकाल को भारत की राजनीतिक स्थिरता और निरंतर विकास का संकेत बताया. दोनों अमेरिकी सीनेटरों के इन बयानों के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर महत्वपूर्ण मान्यता मिली है.
अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक संदेश में बधाई दी. उन्होंने पीएम मोदी के 4,399 लगातार दिनों तक भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के ऐतिहासिक मुकाम को खास बताते हुए उनकी लंबी राजनीतिक यात्रा और नेतृत्व की सराहना की.
अमेरिकी राजदूत ने दी बधाई
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पीएम मोदी के दशकों लंबे समर्पित जनसेवा और नेतृत्व का मजबूत प्रमाण है. सर्जियो गोर ने पीएम मोदी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना भी की.
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने क्या कहा
नाइजीरिया के राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ बोला अहमद टीनुबू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह उपलब्धि भारत की जनता के उस भरोसे को दिखाती है, जो उन्होंने तीन लगातार जनादेशों के जरिए पीएम मोदी के नेतृत्व पर जताया है. टीनुबू ने कहा कि मोदी का समर्पण, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनकी भूमिका लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है.
उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी न सिर्फ नाइजीरिया के अच्छे मित्र हैं, बल्कि उनके निजी मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं, जिन पर वे हमेशा भरोसा कर सकते हैं. राष्ट्रपति टीनुबू ने कहा कि भारत और नाइजीरिया के रिश्तों को मजबूत करने में पीएम मोदी का अहम योगदान रहा है. उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और आगे की सफलता की कामना भी की.
मलेशिया के प्रधानमंत्री ने क्या कहा
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने इस उपलब्धि को पीएम मोदी के वर्षों के समर्पित जनसेवा और भारत के विकास, समृद्धि तथा वैश्विक स्तर पर बढ़ती साख से जुड़ा हुआ बताया. अनवर इब्राहिम ने कहा कि यह उपलब्धि उनके नेतृत्व की निरंतरता और प्रभाव को दर्शाती है.
उन्होंने आगे कहा कि मलेशिया और भारत के बीच लंबे समय से मजबूत और घनिष्ठ संबंध रहे हैं, जिन्हें और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है. उन्होंने पीएम मोदी और भारत के लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की भी शुभकामनाएं दीं.
ऑस्ट्रेलिया के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों ने क्या कहा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर गर्मजोशी से बधाई दी है. उन्होंने पीएम मोदी को एक सच्चा राजनेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था और दुनिया में उसकी साख मजबूत हुई है. मॉरिसन ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बने व्यापक रणनीतिक साझेदारी संबंधों का भी जिक्र किया और पीएम मोदी को अपना मित्र बताते हुए शुभकामनाएं दीं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य पूर्व प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने भी पीएम मोदी को बधाई दी. उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया दोस्ती और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में मोदी की भूमिका की सराहना की.
केन्या के राष्ट्रपति ने क्या कहा
केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो ने पीएम मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन जनादेशों के जरिए जनता के भरोसे को दिखाती है. साथ ही भारत-केन्या साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद जताई.
मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने क्या कहा
मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र महासभा के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल्ला शाहिद ने पीएम मोदी के 4,399 दिनों के कार्यकाल को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, डिजिटलीकरण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है, जिससे वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति मजबूत हुई.
मालदीव के राष्ट्रपति ने क्या कहा
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मालदीव भारत के साथ आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर सहयोग को और मजबूत करने का इच्छुक है. वही, मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, साथ ही भारत-मालदीव संबंध भी मजबूत हुए हैं.
बीजेपी नेताओं ने क्या कहा
इस उपलब्धि के बाद एनडीए के कई नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के 12 साल के नेतृत्व में भारत ने अपनी पहचान को नई मजबूती दी है. उन्होंने सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को पुरानी सोच से बाहर निकालने की बात भी कही. जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को 'थकान न मानने वाला कर्मयोगी' बताया.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पीएम मोदी का 4,399 दिनों का लगातार कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने इसे संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने वाला दौर बताया. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को सिर्फ योजनाएं नहीं दीं, बल्कि एक स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास से भरा राष्ट्रीय विजन भी दिया है. योगी के मुताबिक यह सिर्फ उपलब्धियों को गिनने का मौका नहीं, बल्कि भारत में आए बड़े बदलाव को समझने का समय है.
बीजेपी ने क्या कहा
बीजेपी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने से लेकर लगातार तीसरे कार्यकाल तक पीएम मोदी की यात्रा राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट समर्पण को दिखाती है.
इन सबके अलावा, लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर केंद्रीय कैबिनेट ने पीएम नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया. बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और पीएम मोदी को सम्मान दिया.
हिमांशु मिश्रा