तेलंगाना के महबूबनगर जिले में कृषि भूमि को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला के ससुराल वालों ने धारदार हथियार से हमला कर उसका सिर काट दिया. वारदात कोइलकोंडा मंडल के चिंटल थंडा गांव की बताई जा रही है.
मृतका की पहचान कटरावथ सुनीता के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे 1.5 एकड़ कृषि भूमि को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद था. पुलिस ने सुनीता के पिता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
सुनीता के नाम की गई थी 1.5 एकड़ जमीन
बताया गया है कि सुनीता की शादी करीब 10 से 12 साल पहले कटरावथ बलराम से हुई थी. दंपती की दो बेटियां हैं. जानकारी के मुताबिक, बलराम मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे.
ऐसे में गांव के बुजुर्गों की मध्यस्थता से एक पारिवारिक समझौता कराया गया था. इसके तहत सुनीता और उसकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए 1.5 एकड़ कृषि भूमि सुनीता के नाम दर्ज की गई थी. इसी जमीन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है.
खेत से ले जाकर हत्या करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सुनीता हाल ही में चिंटल थंडा लौटी थी. वह अपनी कृषि भूमि पर गई हुई थी, तभी पर उसे रोककर ससुराल ले जाया गया. वहां उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया. शुरुआती जानकारी में उसका सिर काटे जाने की बात भी सामने आई है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
सुनीता के पिता वाल्या नाइक की शिकायत पर कोइलकोंडा पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में मान्या नाइक, पांडु नाइक, पार्वती और माणिक्य नाइक शामिल हैं.
सर्कल इंस्पेक्टर गांधी नाइक और सब-इंस्पेक्टर नागराजू मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. हत्या की पूरी परिस्थितियों और जमीन विवाद की भूमिका की जांच की जा रही है.
अब्दुल बशीर